
एनकाउंटर के बहाने PDA को डरा रही है बीजेपी, अखिलेश का गंभीर आरोप
सपा मुखिया ने बुलडोजर एक्शन और एनकाउंटर नीति को बताया संविधान विरोधी, कहा मर्जी से किया गया एनकाउंटर फर्जी है।
Akhilesh Yadav on UP Police Encounters: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। इस दौरान उन्होंने राज्य में चल रहे बुलडोजर एक्शन से लेकर फर्जी एनकाउंटर तक के मुद्दों पर अपनी बात रखी। अखिलेश ने कहा कि इस सरकार में न्याय मिलना मुश्किल है। यूपी में बुलडोजर हमेशा लोगों की जाति देखकर ही चलाया जाता है। बीजेपी सरकार प्रदेश में फर्जी एनकाउंटर कराती है। इस दौरान अखिलेश ने साल 2020 की हाथरस की बेटी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय जो हुआ था, उसी तरह का लगभग अब साल 2026 में भी देखने को मिल रहा है। आंकड़े बताते हैं कि सरकार हर चीज को छिपाना चाहती है।
जिस एनकाउंटर के पीछे चले मर्ज़ी,
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) May 26, 2026
समझो वो है फ़र्ज़ी। pic.twitter.com/NE4UF81VWp
साजिश के तहत हो रहे एनकाउंटर
वह अपने संसाधनों की ताकत से जनता तक सच्चाई को पहुँचने नहीं देना चाहती है। सपा चीफ ने आगे कहा कि फेक एनकाउंटर को लेकर कोई पहली बार बात नहीं हो रही है। कल भी जो देखने को मिला है, उससे साफ लगता है कि फर्जी एनकाउंटर करने की साजिश यह सरकार लगातार करती रहती है। यूपी में मर्जी के हिसाब से फर्जी एनकाउंटर हो रहा है। यहाँ एनकाउंटर केवल अपना वर्चस्व और धाक जमाने के लिए किए जाते हैं।
मानसिकता में भरी जा रही है हिंसा
उन्होंने कहा कि एनकाउंटर को सामान्य रूप से मुठभेड़ कहते हैं। हिंसक और आपराधिक गतिविधियों के लिए तब तक कोई जगह नहीं, जब तक कोई अपने स्वार्थ के लिए इसका दुरुपयोग ना करे। फर्जी एनकाउंटर के माध्यम से मेंटल सॉफ्टवेयर को सेट किया जाता है, लेकिन इसे अपडेट या अपग्रेड नहीं किया जाता। इसके जरिए केवल इंसानी मानस में हिंसा को भरा जाता है और सरेआम हत्या को पूरी तरह जायज ठहराया जाता है।
संविधान विरोधी है यह पूरी व्यवस्था
यह व्यवस्था उस रूढ़िवादी मानसिकता को वापस लाती है जो कहती है कि शक्ति ही असली अधिकार है। अखिलेश ने कहा कि फर्जी एनकाउंटर लोकतांत्रिक व्यवस्था के विरुद्ध एक बहुत बड़ा षड्यंत्र है। यह संविधान में दिए गए न्याय के राज और सामाजिक न्याय के राज को सिरे से नकारता है। सरकार में बैठे लोग अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। फर्जी एनकाउंटर करने वाले लोग सरकार नहीं बल्कि असली गुनहगार हैं।
जाति और धर्म देखकर कार्रवाई
जिस एनकाउंटर के पीछे मर्जी चले, समझो वो पूरी तरह फर्जी है। बीजेपी इन एनकाउंटर के बहाने पीडीए को डरा रही है। यूपी में बीजेपी सरकार हमेशा जाति और धर्म देखकर ही एनकाउंटर करवाती है। फर्जी एनकाउंटर नाकाम सरकार की पहचान है। जो सरकार नाकाम हो जाती है, वो फर्जी एनकाउंटर का रास्ता अपनाती है। सरकार इस नीति से आम जनता पर मनोवैज्ञानिक दबाव बना रही है। इससे लॉ एंड ऑर्डर नहीं संभलता, बल्कि और बिगड़ता है।

