
दोस्ती की आड़ में छुरा मंजूर नहीं : सूर्या मर्डर पर भड़के सीएम योगी
गाजियाबाद के खोड़ा में 17 साल के सूर्या चौहान की हत्या पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सख्त। कहा- 'नालायक औलाद' को नहीं समझाने वाले बड़ी गलती कर रहे हैं।
Ghaziabad Surya Murder Case: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में 17 वर्षीय नाबालिग सूर्या चौहान की बेरहमी से की गई हत्या को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है और अपनी गहरी नाराजगी जाहिर की है। पाकिस्तान से विस्थापित परिवारों, पूर्व सैनिकों और पट्टेदारों को भूमि स्वामित्व अधिकार प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने इस जघन्य हत्याकांड पर सीधे बोलते हुए कहा कि दोस्ती की आड़ में की गई यह चाकूबाजी यूपी में किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं होगी। सीएम योगी ने समुदाय विशेष के धर्मगुरुओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दोस्ती की आड़ में इतनी बड़ी हत्या कर दी गई, लेकिन मौलवियों ने इसकी निंदा तक नहीं की है।
"अगर कोई अपनी नालायक औलाद को समझा नहीं पा रहा, तो समझो गलती कर रहा है"
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कानून-व्यवस्था को लेकर कड़ा संदेश देते हुए कहा, "आपने देखा होगा बकरीद के अवसर पर क्या-क्या हुआ। वह तो गनीमत थी कि सरकार चुस्त थी। आपने अभी गाजियाबाद में देखा होगा... दोस्ती... ये कैसी दोस्ती... दोस्ती की आड़ में चाकूबाजी, यह स्वीकार्य नहीं होगा। अगर कोई अपनी नालायक औलाद को समझा नहीं पा रहा है, तो समझो कि वह गलती कर रहा है।" सीएम योगी ने साफ लहजे में चेतावनी दी कि राज्य सरकार सज्जनों के लिए बेहद उदार और सज्जन है, लेकिन दुर्जनों और अपराधियों के साथ 'दुर्जन' की तरह ही निपटा जाएगा।
गाय को पशु मानने वाले इंसान नहीं; विकास बिना भेदभाव, तो देश को भी अपेक्षा
अपने भाषण के दौरान मुख्यमंत्री ने आस्था और राष्ट्रीय कर्तव्य का जिक्र करते हुए कहा, "गाय को सिर्फ एक पशु मानने वाले लोग इंसान नहीं हैं, गाय हमारी स्वाभाविक माता है।" इसके साथ ही उन्होंने जोर देकर कहा कि यूपी सरकार की तमाम विकास योजनाएं, बिजली और कर्ज बिना किसी जाति या मजहब को देखे, पूरी तरह से बिना भेदभाव के सभी को दिए जाते हैं। लेकिन इसके बदले में देश भी नागरिकों से अपनी जिम्मेदारी और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपेक्षा करता है, जिसका ध्यान हम सबको रखना होगा।
क्या है खोड़ा का सूर्या मर्डर केस?
यह पूरा विवाद बीते 28 मई को बकरीद के दिन शुरू हुआ था। खोड़ा की नवनीत विहार कॉलोनी का रहने वाला 17 वर्षीय सूर्या चौहान अपने घर से निकला था। सूर्या के दोस्त आयुष के मुताबिक, आरोपी असद ने सूर्या को फोन करके बकरीद की कुर्बानी दिखाने के बहाने बुलाया था। जब सूर्या वहां पहुंचा, तो अचानक बातचीत के दौरान ही असद ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया।
परिजनों और चश्मदीदों के दावों के अनुसार, सूर्या अपनी जान बचाने के लिए लहूलुहान हालत में करीब 200 मीटर तक भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और दोबारा चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर हालत में सूर्या को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस वारदात के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई में मुख्य आरोपी असद एनकाउंटर (मुठभेड़) में ढेर हो चुका है। मामले में कुल पांच लोग नामजद हैं, जिनमें से तीन की गिरफ्तारी हो चुकी है और एक आरोपी अभी भी फरार चल रहा है।
Next Story

