
पीएम मोदी की अपील का असर, सोमवार को 24 अतिरिक्त फेरे लगाएगी मेट्रो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद डीएमआरसी का बड़ा फैसला। 18 मई से हर सोमवार लगेंगे 24 अतिरिक्त फेरे। स्टेशनों पर बढ़ेगी सुरक्षा और टिकट काउंटर।
PM Modi's Public Transport Appeal: दिल्ली-एनसीआर की लाइफलाइन बन चुकी दिल्ली मेट्रो (DMRC) ने यात्रियों की बढ़ती मांग और निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद अपनी परिचालन क्षमता बढ़ाने का निर्णय लिया है। दिल्ली में रोजाना करीब 65 लाख लोग मेट्रो से सफर करते हैं। ऐसे में व्यस्त समय (पीक आवर्स) के दौरान यात्रियों को भीड़भाड़ से राहत देने और उनका सफर अधिक सुगम बनाने के लिए मेट्रो प्रशासन आगामी 18 मई 2026 से अतिरिक्त ट्रेनें पटरी पर उतारेगा।
हर सोमवार को चलेंगी 6 अतिरिक्त ट्रेनें, लगेंगे 24 नए फेरे
मेट्रो प्रशासन की नई रणनीति के तहत 18 मई से प्रत्येक सोमवार को 6 अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इन अतिरिक्त ट्रेनों के माध्यम से कुल 24 नए फेरे जोड़े जाएंगे। सोमवार के दिन दफ्तर और व्यावसायिक गतिविधियों के कारण यात्रियों की संख्या सबसे अधिक होती है, इसी को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। डीएमआरसी का कहना है कि वह यात्रियों की संख्या पर लगातार निगरानी रखेगा और जरूरत पड़ने पर सप्ताह के अन्य दिनों में भी मांग के अनुसार अतिरिक्त मेट्रो सेवाएं शुरू की जाएंगी।
स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त सुरक्षा और टिकट काउंटरों के इंतजाम
अतिरिक्त यात्री क्षमता को सुचारू रूप से संभालने के लिए मेट्रो स्टेशनों पर भी बड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। सुबह 9 बजे और शाम 6 बजे के व्यस्त समय के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही यात्रियों का प्रतीक्षा समय कम करने के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर चालू किए जाएंगे। सुरक्षा जांच को तेज करने के लिए अधिक संख्या में डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) और बैगेज स्कैनर सक्रिय किए जाएंगे, ताकि फ्रिस्किंग पॉइंट्स पर समय बच सके।
मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी के साथ रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और आरआरटीएस से जुड़ा नेटवर्क
दिल्ली मेट्रो का व्यापक नेटवर्क रेलवे स्टेशनों, प्रमुख अंतरराज्यीय बस अड्डों (ISBT), एयरपोर्ट टर्मिनलों, नमो भारत (RRTS), नोएडा मेट्रो और गुरुग्राम रैपिड मेट्रो के साथ सीधा और निर्बाध संपर्क प्रदान करता है। यह बेहतरीन मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी यात्रियों को एक से दूसरे परिवहन माध्यम में आसानी से जाने की सुविधा देती है। इसके कारण निजी वाहनों और पेट्रोलियम आधारित सड़क परिवहन पर निर्भरता में बड़ी कमी आ रही है, जो दिल्ली-एनसीआर की हवा को स्वच्छ रखने और ईंधन की बचत के लिए बेहद जरूरी है।
160 स्टेशनों पर लास्ट माइल कनेक्टिविटी और सेंट्रल विस्टा में हाइड्रोजन बस सेवा
यात्रियों को घर से दफ्तर तक एंड-टू-एंड कनेक्टिविटी देने के लिए डीएमआरसी ने 160 मेट्रो स्टेशनों पर मजबूत लास्ट-माइल कनेक्टिविटी (LMC) नेटवर्क तैयार किया है। इसके जरिए रोजाना लगभग 1 लाख यात्री ई-रिक्शा, ई-ऑटो, बाइक टैक्सी, कैब एग्रीगेटर और साइकिल किराए पर लेकर अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं। हाल ही में डीएमआरसी ने आईओसीएल (IOCL) के सहयोग से सेंट्रल विस्टा क्षेत्र में हाइड्रोजन आधारित बस सेवा भी शुरू की है, ताकि वहां के कार्यालयों तक लोग आसानी से पहुंच सकें। इसके अलावा डीटीसी की लगभग 1500 इलेक्ट्रिक बसें भी 52 मेट्रो स्टेशनों पर फीडर सेवा दे रही हैं।
हाईटेक डिजिटल टिकटिंग और 126 स्टेशनों पर 'पार्क एंड राइड' की बड़ी सुविधा
मेट्रो स्टेशनों पर लाइनों को खत्म करने के लिए डिजिटल टिकटिंग को बेहद हाईटेक कर दिया गया है। यात्री अब क्यूआर कोड टिकटिंग, नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) और व्हाट्सएप टिकटिंग का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा पेटीएम, फोनपे, अमेजन और आईआरसीटीसी ऐप इंटीग्रेशन के साथ-साथ ओएनडीसी (ONDC) के जरिए भी टिकट बुक हो रहे हैं। 'डीएमआरसी सारथी ऐप' को एक पूर्ण यात्रा प्लेटफॉर्म बना दिया गया है, जहां मेट्रो टिकट के साथ ही ऑटो और बाइक टैक्सी भी बुक की जा सकती है। साथ ही निजी वाहन लाने वालों के लिए 126 मेट्रो स्टेशनों पर पार्किंग (Park and Ride) की सुविधा दी गई है।
Next Story

