दिल्ली-एनसीआर में बदले मौसम के मिजाज, चिलचिलाती धूप के बीच मिली राहत
x

दिल्ली-एनसीआर में बदले मौसम के मिजाज, चिलचिलाती धूप के बीच मिली राहत

दिल्ली के कई इलाकों में छिटपुट बारिश और ठंडी हवाओं से थमा गर्मी का सितम। हालांकि मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 28 मई तक दिल्लीवालों को लू से राहत नहीं मिलेगी।


Click the Play button to hear this message in audio format

Weather Update: दिल्ली-एनसीआर के लोगों को पिछले कई दिनों की भीषण गर्मी से शनिवार को थोड़ी राहत मिली है। चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों के बाद अचानक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। राजधानी के कई इलाकों में सुबह से ही घने बादल छाए हुए हैं और तेज बिजली कड़क रही है। शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई है, जिससे गर्म हवाएं अब ठंडी हो गई हैं। नोएडा और आसपास के आसमान में भी काले बादल छाए नजर आ रहे हैं।


इन इलाकों में हुई झमाझम बारिश
राजधानी के कई प्रमुख बाजारों और रिहायशी इलाकों में हल्की बारिश से मौसम बेहद सुहावना हो गया है। फिरोजशाह रोड पर बारिश होने के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा कनॉट प्लेस, दिल्ली गेट, पहाड़गंज, करोल बाग और कश्मीरी गेट जैसे इलाकों में भी झमाझम फुहारें पड़ी हैं। इन क्षेत्रों में बारिश के बाद सड़कों पर ठंडी हवाएं चल रही हैं। इस अचानक आए बदलाव से वीकेंड पर घर से बाहर निकले लोगों के चेहरे खिल गए हैं।


44 डिग्री के टॉर्चर से कुछ राहत
दिल्ली में बारिश के साथ-साथ कई जगहों पर तेज आंधी भी चल रही है। मौसम का यह बदला हुआ रूप देखकर दिल्लीवालों ने राहत की सांस ली है। लोग पिछले कई दिनों से लगातार 44 डिग्री सेल्सियस के भयंकर टॉर्चर को झेल रहे थे। चिलचिलाती धूप के कारण दोपहर में सड़कों पर निकलना मुश्किल हो चुका था। उत्तर भारत के झुलसते शहरों के बीच दिल्ली की इस हल्की बारिश ने पसीने और उमस से काफी हद तक निजात दिलाई है।

नोएडा और गुरुग्राम में छाए बादल
दिल्ली के पड़ोसी शहरों नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में भी मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। इन शहरों में सुबह से ही तीखी धूप गायब है और ठंडी हवाओं का दौर शुरू हो गया है। आसमान में घने बादल छाए नजर आ रहे हैं। हालांकि इन इलाकों में अभी भारी बारिश शुरू नहीं हुई है। लेकिन मौसम को देखकर ऐसा लग रहा है कि कुछ ही देर में यहां भी राहत की फुहारें बरस सकती हैं, जिससे तापमान और गिरेगा।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) की मानें तो दिल्ली-एनसीआर के लोगों को इस बदलाव से ज्यादा खुश होने की जरूरत नहीं है। आईएमडी ने साफ किया है कि यह राहत बेहद थोड़े समय के लिए ही मिली है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए गंभीर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार 28 मई तक दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में लू (Heatwave) की स्थिति बनी रहेगी। लोगों को इस भीषण गर्मी से अभी स्थाई राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।

शनिवार को इतना रहेगा तापमान
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए दिल्ली का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। वहीं दिन का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की बात कही है। इसके साथ ही दिल्ली के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के विस्तृत क्षेत्र में शुक्रवार को भी लू जैसी परिस्थितियां बनी हुई थीं। इसके चलते राजधानी का तापमान लगातार 43 डिग्री से ऊपर चल रहा था।

सफदरजंग में दर्ज हुआ अधिक तापमान
दिल्ली के प्रमुख मौसम विज्ञान केंद्र सफदरजंग में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यह तापमान सामान्य से करीब 3.1 डिग्री अधिक था। हालांकि यह पिछले दिन की तुलना में महज 0.3 डिग्री कम दर्ज हुआ था। मौसम विभाग का कहना है कि चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के कारण स्थानीय स्तर पर यह बदलाव देखा गया है। लेकिन मुख्य रूप से गर्मी का प्रकोप अगले पूरे हफ्ते जारी रहने वाला है।


Read More
Next Story