
दिवाली की रात 12 से 2 बजे तक कहां गया दिल्ली का प्रदूषण डेटा?
दिवाली की रात दिल्ली में प्रदूषण के पीक समय पर एक्यूआई डेटा अचानक गायब हो गया। विपक्ष ने सरकार पर 25 मॉनिटरिंग स्टेशन बंद करके डेटा छिपाने का आरोप लगाया है।
Delhi Air Pollution: दिवाली की रात दिल्ली एनसीआर में प्रदूषण के आंकड़ों के साथ एक बहुत बड़ा खेल देखने को मिला, ऐसा आरोप आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की तरफ से भाजपा सरकार पर लगाया गया है। आरोप है की कि जब आतिशबाजी के कारण हवा सबसे ज्यादा जहरीली थी तभी प्रदूषण के आंकड़े अचानक गायब हो गए। रात बारह बजे से दो बजे के बीच कई जगहों पर एक्यूआई डेटा बिल्कुल उपलब्ध नहीं था। यह वही समय था जब प्रदूषण अपने सबसे चरम स्तर पर पहुंच चुका था। सबसे खतरनाक समय पर डेटा का गायब होना कई बड़े सवाल खड़े कर रहा है। कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने ये दावा किया कि 25 मोनिटरिंग स्टेशन बंद थे। इस दावे के आधार पर दिल्ली सरकार पर ये गंभीर आरोप है कि प्रदूषण के आंकड़ों को कम दिखाने के लिए ऐसा किया गया है।
पर्यावरण विद ने जताई गहरी चिंता
प्रदूषण के पीक समय पर डेटा गायब होने के मामले पर कई संस्थानों ने बहुत गहरी चिंता जताई है। पर्यावरण विद डॉ मनु सिंह ने इस स्थिति को समझ से बिल्कुल परे बताया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली एनसीआर में देश का सबसे घना मॉनिटरिंग नेटवर्क मौजूद है। इतने बड़े नेटवर्क के बावजूद डेटा कैसे गायब हो गया यह एक बहुत बड़ा सवाल है। उनके मुताबिक रियल टाइम आंकड़ों से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी चेतावनी दी जा सकती थी। सही समय पर सही जानकारी मिलने से महत्वपूर्ण आपात कदम भी उठाए जा सकते थे।
गायब होने से पहले भयानक थे आंकड़े
डेटा गायब होने से पहले और बाद में जो आंकड़े मिले वे बेहद डराने वाले हैं। कई जगहों पर पीएम 2.5 का स्तर 2000 एमसीएम से भी अधिक दर्ज किया गया। पीएम 2.5 का निर्धारित भारतीय मानक महज 60 एमजीसीएम है। वहीं डब्ल्यूएचओ का मानक सिर्फ 15 एमजीसीएम तय किया गया है। कई जगहों पर पीएम 2.5 का स्तर भारतीय मानकों से 33 गुना अधिक रहा। वहीं यह डब्ल्यूएचओ के मानकों से 133 गुना अधिक दर्ज किया गया है। पीएम 2.5 के कण बहुत छोटे होते हैं और सांस के साथ सीधे अंगों तक जाते हैं। सरकारी और प्राइवेट एजेंसियों की एक्यूआई रीडिंग में भी काफी अंतर देखने को मिला है। डॉ मनु सिंह ने कहा कि एक्यूआई मापने और औसत निकालने के अलग अलग तरीके भी हो सकते हैं। इसलिए किसी भी रीडिंग के साथ जगह और समय की जानकारी हमेशा एकदम स्पष्ट होनी चाहिए। डॉ मनु सिंह के अनुसार हमने देखा कि किस प्रकार DPCC के जो आंकड़े हैं, CPCB के जो आंकड़े हैं, उनको समीर ऐप पर ठीक प्रकार से पारदर्शिता के साथ प्रदर्शित नहीं किया गया और रात में भी 2 से 3 बजे के आसपास कई जो मॉनिटरिंग स्टेशन्स हैं वो बंद हो गए थे, वहां से आंकड़े नहीं आ रहे थे।
रीडिंग में भारी अंतर की असली वजह
डॉ मनु सिंह का कहना है कि जो दूसरे राजनैतिक दल हैं वो भी जो आंकड़े प्रस्तुत कर रहे हैं वो भी हम ठीक तौर पर नहीं ले सकते हैं, क्यों? क्योंकि AQI को ना समझते हुए, AQI होता क्या है? एक वायु गुणवत्ता का सूचकांक होता है। यानी इसमें PM10, PM2.5, नाइट्रोजन, कार्बन डाइऑक्साइड, कार्बन मोनोऑक्साइड, धूल सबका एक मिश्रित, एक मिला जुला एक औसत लिया जाता है, वो AQI होता है। और वो लगभग 400 से 600 के बीच था। लेकिन जो दूसरे राजनैतिक दल हैं वो इसको 2000, 3000 का आंकड़ा, वो क्या कर रहे हैं वो PM10 और PM2.5 को लेके उसको दिखाके उसको AQI बताने का दावा कर रहे हैं, ये तरीका भी गलत है। हालांकि ये बात मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि जब PM10 और PM2.5 की मात्रा इतनी अधिक हो जाती है तो हृदय संबंधी जितनी भी व्याधियां हैं, फेफड़े संबंधी जितने भी रोग हैं, एलर्जी संबंधी, COPD, अस्थमा, उन सबके लिए उनका जीवन नारकीय हो जाता है। लेकिन इस समय राजनीति जो होनी चाहिए वो जोड़ की होनी चाहिए, तोड़ की नहीं। ये नहीं कि सिर्फ हम ये देखते रहें कि दूसरे दल को नीचे कैसे खींचा जाए, बल्कि इस समय हमें ये ध्यान देना चाहिए कि राजनीति और समाज किस प्रकार इस व्याधि से ऊपर उठ सके।"
जहांगीरपुरी और मुंडका का सबसे बुरा हाल
दिवाली के बाद दिल्ली के कई इलाकों में हवा बिल्कुल सांस लेने लायक नहीं बची है। जहांगीरपुरी में पीएम 2.5 का स्तर 4985 रिकॉर्ड किया गया जो मानक से 332 गुना अधिक है। मुंडका में यह आंकड़ा 3744 रहा जो मानक से 250 गुना ज्यादा खतरनाक है। जेएनयू में 3023 और एनएसयूटी वेस्ट में 3008 रीडिंग दर्ज की गई। मंदिर मार्ग पर 2908 और वजीरपुर में 2721 का जानलेवा स्तर रिकॉर्ड किया गया। तालकटोरा गार्डन में 2599 और पटपड़गंज में 2597 का आंकड़ा सामने आया है। अशोक विहार में 2589 और सीडब्ल्यूजी में 2471 का खतरनाक स्तर दर्ज हुआ।
अन्य इलाकों में भी आंकड़े बेहद खतरनाक
द्वारका सेक्टर आठ में 1996 और नजफगढ़ में 1950 की खतरनाक रीडिंग मिली है। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 1616 और श्री अरबिंदो मार्ग पर 1528 का स्तर रहा। सोनिया विहार में 1437 और आनंद विहार में 1396 का आंकड़ा दर्ज किया गया। कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 1396 और पंजाबी बाग में 1255 का स्तर रिकॉर्ड हुआ।
Next Story

