
दिल्ली समेत उत्तर भारत में लौटेगी बारिश, 10 से 12 मई तक ओलावृष्टि का अलर्ट
भीषण गर्मी के बीच उत्तर भारत के मौसम में बड़ा बदलाव आने वाला है। दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में 10 मई से आंधी-बारिश का दौर शुरू होगा। पहाड़ों पर बर्फबारी की आशंका।
Weather Forecast : दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में सूरज के तेवर कुछ दिनों के लिए ढीले पड़ने वाले हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ताजा बुलेटिन जारी करते हुए बताया है कि 10 से 12 मई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश की वापसी होगी। इस दौरान न केवल तापमान में गिरावट आएगी, बल्कि तेज हवाओं और ओलावृष्टि के कारण लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
आज भी दिल्ली-एनसीआर में बादल
आज गुरुवार, 7 मई को भी दिल्ली और पंजाब के कई हिस्सों में बादलों का डेरा रहेगा। दोपहर या शाम के समय कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे तेज धूप का असर कम रहेगा। हालांकि, 8 और 9 मई को मौसम थोड़ा शुष्क रह सकता है, लेकिन 10 मई से एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देने वाला है, जो मानसून पूर्व की गतिविधियों को तेज कर देगा।
पहाड़ों पर बर्फबारी और भारी बारिश
मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ों पर भी कुदरत का अलग रंग दिखेगा। उत्तराखंड में 6 से 8 मई के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। हिमाचल और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में इस दौरान हल्की से मध्यम बर्फबारी भी देखी जा सकती है। 11 और 12 मई को पहाड़ी क्षेत्रों में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिससे पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
हरियाणा और पंजाब का मौसम
हरियाणा के प्रमुख शहर जैसे गुरुग्राम, सोनीपत और पानीपत में भी बारिश का असर देखने को मिलेगा। चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में 10 मई के बाद आंधी और बारिश का दौर शुरू होने वाला है। इस बदलाव से लू (Heatwave) का असर खत्म हो जाएगा और दिन के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की कमी आने के आसार हैं।
पूर्वी भारत और बिहार का हाल
मौसम विभाग ने बिहार, झारखंड और ओडिशा में अगले 7 दिनों तक रुक-रुक कर आंधी और बारिश होने की भविष्यवाणी की है। बिहार में खास तौर पर 6 से 10 मई के बीच मौसम खराब रहने की संभावना है। बंगाल के मैदानी इलाकों में भी 10 मई तक बिजली गिरने और बादल गरजने का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
एमपी-छत्तीसगढ़ में ओले गिरने की चेतावनी
मध्य भारत के राज्यों में भी मानसून से पहले की बारिश का असर दिखेगा। मध्य प्रदेश में 7 मई को और छत्तीसगढ़-विदर्भ में 10 मई तक बारिश का अलर्ट है। विदर्भ के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जो फसलों को नुकसान पहुँचा सकती है। वहीं, दक्षिण भारत के केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश का सिलसिला अगले एक हफ्ते तक जारी रहेगा।
Next Story

