Weather Forecast : चिलचिलाती धूप और गर्मी से परेशान उत्तर भारत के लोगों के लिए मौसम विभाग ने राहत भरा यू-टर्न लिया है। लगातार बढ़ रहे तापमान के बीच अब बादलों ने अपना डेरा डालना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक ताजा बुलेटिन जारी कर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा समेत कई राज्यों के लिए 11 से 13 मई तक का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है। राहत की सबसे बड़ी बात यह है कि मई के शुरुआती 10 दिनों में गर्मी का वो रूप नहीं दिखा जो पिछले साल था। इस नए वेदर सिस्टम के सक्रिय होने से न केवल तापमान गिरेगा, बल्कि लू के थपेड़ों से भी छुटकारा मिलेगा। पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी का सीधा असर मैदानी इलाकों की हवाओं में ठंडक घोलने का काम करेगा।
दिल्ली-एनसीआर में बारिश का पूर्वानुमान
राजधानी दिल्ली और आसपास के शहरों में सोमवार के लिए मौसम विभाग ने खास पूर्वानुमान लगाया है। यहां सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और साथ ही तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग के मुताबिक 11 से 13 मई तक दिल्ली में येलो अलर्ट लागू रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। राहत का यह सिलसिला 13 मई तक चलेगा, जिसके बाद 14 मई से आसमान साफ होने लगेगा और 16 मई से पारा फिर 40 डिग्री को छू सकता है।
यूपी और राजस्थान में आंधी-तूफान
उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। इन दोनों प्रदेशों में 11 मई से ही मौसम करवट लेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 12 और 13 मई को तो वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 13 और 14 मई को गरज-चमक के साथ बारिश का दौर देखने को मिलेगा। राजस्थान की बात करें तो यहां 11 और 12 मई को छिटपुट बारिश और 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। धूल भरी आंधी से जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और ओले
मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 13 मई तक व्यापक स्तर पर बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 11 और 12 मई को जम्मू-कश्मीर और आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और कमिश्नर विनय शंकर पांडेय ने यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की है। हिमाचल में भी 15 मई तक बारिश का दौर जारी रहेगा।
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश
पूर्वोत्तर भारत में भी मानसून जैसी स्थिति दिखने वाली है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 12 से 14 मई के दौरान भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 11 से 14 मई तक मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मेघालय और असम के कुछ हिस्सों में 16 मई तक छिटपुट भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है, जिससे स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मध्य और दक्षिण भारत का हाल
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी 14 मई तक हल्की से मध्यम बारिश और 50 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दक्षिण भारत की बात करें तो तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में 14 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। केरल और माहे में तो 16 मई तक भारी वर्षा का अनुमान लगाया गया है। तटीय कर्नाटक और रायलसीमा में भी बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर लोगों को सावधान किया गया है।