BRICS Summit 2026 में पीएम मोदी ने कहा - हम सबको साथ लेकर चलने का प्रयास करते हैं
नई दिल्ली में आज 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का सबसे अहम दिन है। भारत की मेजबानी में हो रहे इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत 11 सदस्य देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। आज की बैठकों में वैश्विक अर्थव्यवस्था, व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा, आपूर्ति श्रृंखला, तकनीक और अंतरराष्ट्रीय संघर्षों जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
लाइव ब्लॉग में पढ़िए BRICS Summit से जुड़े पल-पल के अपडेट
Live Updates
- 12 Sept 2026 3:07 PM IST
सबको साथ लेकर चलते हैं - पीएम मोदी
BRICS सम्मेलन 2026 | दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स समिट 2026 को संबोधित करते हुए कहा, "इस वर्ष का ब्रिक्स समिट एक ऐतिहासिक पड़ाव है। हम ब्रिक्स की 20वीं वर्षगांठ बना रहे हैं। मानव जीवन में 20 वर्ष की आयु, मैच्योरिटी और रिस्पॉन्सिबिलिटी के नए चरण का आरंभ करती है। यह वो अवस्था होती है जब सपनों के साथ जिम्मेदारियां जुड़ती हैं। सामर्थ्य को नई दिशा मिलती है। आज ब्रिक्स भी अपने 'कमिंग ऑफ एज' के क्षण में है। पिछले 20 वर्षों में ब्रिक्स ने वैश्विक मंच पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। हम एक-दूसरे के दर्शकों का सम्मान करते हैं और कर्तव्यनिष्ठ से आगे बढ़ते हैं। हम किसी के विरुद्ध नहीं बल्कि सभी को साथ लेकर चलने की सोच के साथ आगे बढ़ने का प्रयास करते हैं। अब समय है कि हम ब्रिक्स में हमारी एकता और सहमति को वैश्विक मंच पर ठोस परिणामों में बदलें। अगले 20 वर्षों के लिए हमें एक नए और एम्बिशियस एजेंडा पर काम करना होगा। इसकी शुरूआत हमें अपने खुद के वर्किंग सिस्टम से करनी होगी। ब्रिक्स की अध्यक्षता हर वर्ष बदलती है. किंतु इसकी वजह से हमारी संस्थागत गति नहीं रुकनी चाहिए। मैं ब्रिक्स 'निरंतरता और कार्यान्वयन तंत्र' का प्रस्ताव रखता हूं। इसके तहत ट्रोइका के माध्यम से सभी पहलों और परिणामों का फॉलोअप हो सकेगा..."
- 12 Sept 2026 3:06 PM IST
भारत में आप सभी का स्वागत : पीएम मोदी
दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स समिट 2026 को संबोधित करते हुए कहा, "भारत में आप सभी का स्वागत और अभिनंदन करते हुए मुझे अत्यंत खुशी हो रही है। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता, पीपल सेंट्रिक और ह्यूमैनिटी फर्स्ट अप्रोच पर आधारित है। लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता हमारी प्राथमिकताएं रही हैं। इन प्राथमिकताओं के साथ हमने ब्रिक्स सहयोग को सामान्य जन से जोड़ने पर विशेष बल दिया है। इसी सोच के साथ 350 से अधिक बैठकों का आयोजन किया गया। लगभग 30 शहरों में आपकी टीमों का स्वागत करने का हमें अवसर मिला। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता को सफल बनाने में सक्रिय योगदान और समर्थन के लिए मैं आप सभी का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं।"
- 12 Sept 2026 11:53 AM IST
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग पहुंचे दिल्ली
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग का विमान दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा
- 12 Sept 2026 11:38 AM IST
ग्लोबल साउथ के मुद्दे भी अहम
BRICS की बैठक ऐसे दौर में हो रही है, जब वैश्विक राजनीति में बड़े बदलाव चल रहे हैं और भारत के लिए रूस और चीन के साथ संबंधों के साथ-साथ ग्लोबल साउथ के मुद्दे भी अहम हैं। सम्मेलन में आर्थिक सहयोग, व्यापार, विकास, तकनीक, ऊर्जा और वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा होगी। भारत की अध्यक्षता में हो रहे इस सम्मेलन में आगे की BRICS प्राथमिकताओं और नई दिल्ली घोषणा पर भी नजर रहेगी।
- 12 Sept 2026 11:10 AM IST
10 साल बाद भारत में साथ होंगे मोदी, पुतिन और शी जिनपिंग
भारत की मेजबानी में 18वां BRICS शिखर सम्मेलन आज से नई दिल्ली में शुरू हो रहा है। दो दिन चलने वाले इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी शामिल होंगे। खास बात यह है कि भारत में BRICS के मंच पर मोदी, पुतिन और शी जिनपिंग की एक साथ मौजूदगी 10 साल बाद हो रही है। इससे पहले तीनों नेता अक्टूबर 2016 में गोवा में हुए 8वें BRICS शिखर सम्मेलन में एक साथ नजर आए थे।

