दिल्ली में सड़क के सवाल पर बवाल! मंत्री प्रवेश वर्मा ने मारा युवक को थप्पड़, AAP ने की गिरफ्तारी की मांग
दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निर्माण की जांच के दौरान सामने आए वीडियो ने सियासी हलचल बढ़ा दी है।
दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शुरू हुआ विवाद रविवार को राजनीतिक टकराव में बदल गया। दिल्ली सरकार के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह सड़क निरीक्षण के दौरान मोबाइल से रिकॉर्डिंग कर रहे एक युवक का फोन नीचे करते और फिर उसे थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद आम आदमी पार्टी ने वर्मा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है, जबकि मंत्री ने आरोप लगाया है कि युवक ने उनके परिवार के लिए अपशब्द कहे थे।
सड़क की गुणवत्ता पर भिड़े दोनों पक्ष
मामला पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर विधानसभा क्षेत्र का है। प्रवेश वर्मा यहां निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे थे। मौके पर स्थानीय AAP विधायक जरनैल सिंह भी मौजूद थे।
सामने आए वीडियो में जरनैल सिंह सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाते दिखाई देते हैं। वह सड़क की ऊपरी परत का हिस्सा हाथ से निकालकर मंत्री को दिखाते हैं और दावा करते हैं कि निर्माण की गुणवत्ता खराब है। इसी मुद्दे पर वर्मा और सिंह के बीच तीखी बहस हुई। AAP ने सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया है। हालांकि, पार्टी के इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
कैमरा नीचे किया, फिर युवक को मारा थप्पड़
विवाद के बीच एक युवक मोबाइल फोन से घटनाक्रम रिकॉर्ड कर रहा था। वायरल वीडियो में प्रवेश वर्मा पहले युवक के मोबाइल को अपने हाथ से नीचे करते और इसके तुरंत बाद उसके चेहरे पर थप्पड़ मारते दिखाई देते हैं।
इसके बाद युवक वर्मा की ओर बढ़ता है, लेकिन वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी दोनों के बीच आ जाता है। मौके पर मौजूद दूसरे लोग भी घटना पर प्रतिक्रिया देते सुनाई देते हैं।
रिपोर्टों के मुताबिक युवक की पहचान साहिब सिंह के रूप में हुई है और वह जरनैल सिंह से जुड़ा बताया गया है। साहिब सिंह का कहना है कि वह विधायक के सोशल मीडिया पेज के लिए घटनाक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग कर रहा था। उसने आरोप लगाया कि उसका फोन छीना गया और उसे थप्पड़ मारा गया। उसने पुलिस में शिकायत देने की बात भी कही है।
AAP का आरोप- पोल खुली तो खोया आपा
घटना के बाद आम आदमी पार्टी ने वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए BJP और प्रवेश वर्मा पर हमला बोला।
जरनैल सिंह ने आरोप लगाया कि सड़क के काम में गड़बड़ी सामने आने के बाद मंत्री ने वीडियो रिकॉर्ड कर रहे उनके सहयोगी के साथ मारपीट की।
दिल्ली AAP अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी वर्मा के व्यवहार पर सवाल उठाए।
पूर्व मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रवेश वर्मा की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि वह सोमवार को तिलक नगर जाकर संबंधित सड़क का निरीक्षण करेंगे।
प्रवेश वर्मा ने रखा तर्क- परिवार को दी गई गाली
विवाद बढ़ने के बाद प्रवेश वर्मा ने वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा। उनका दावा है कि जरनैल सिंह के साथ आए एक कार्यकर्ता ने उनके परिवार के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया और इसी के बाद यह घटना हुई।
वर्मा ने AAP विधायक पर PWD इंजीनियरों पर दबाव डालने और ठेकेदारों से कमीशन दिलाने की मांग करने का आरोप भी लगाया। उनका दावा है कि संबंधित इंजीनियर ने इसकी पुलिस से शिकायत की थी।
वर्मा ने यह भी दावा किया कि उन्होंने निरीक्षण के दौरान सड़क का काम ठीक पाया और स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया कि लंबे समय बाद इलाके में सड़क बनाई जा रही है।

