राजघाट पर विपक्ष का धरना समाप्त: बापू को नमन कर लौटे राहुल, प्रियंका और खरगे
लगातार दो दिनों के टकराव के बाद विपक्ष ने गुरुवार को बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी की है, जबकि दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लगातार दूसरे दिन विपक्षी सांसदों को लंच पर बुलाया। आज कनॉट प्लेस में यह लंच रखा गया । लंच में शामिल होने के लिए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अभिषेक बनर्जी समते विपक्षी सांसद पहुंचे। लंच के बाद कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा कि हमलोग गांधी स्मारक गए। इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत इंडिया ब्लॉक के तमाम बड़े नेता दिल्ली के राजघाट पहुंचे। वहां उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इंडिया अलायंस के नेताओं ने राजघाट पर अपना धरना खत्म कर दिया है। बापू की समाधि के पास विरोध जताने के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे सहित सभी विपक्षी सांसद वापस लौट गए हैं। विपक्षी सांसदों के कनॉट प्लेस से राजघाट पहुंचने के बीच काफी-कुछ हुआ। इस प्रदर्शन के पल-पल के अपडेट जानने के लिए पढिए हमारी ये खबर
Live Updates
- 8 Oct 2026 1:47 PM IST
हम लोकतंत्र की रक्षा कर रहे हैं - वेणुगोपाल
दिल्ली: कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा, "अराजकता कौन फैला रहा है? भाजपा, अमित शाह, मोदी और ज्ञानेश कुमार लोकतंत्र में अराजकता फैला रहे हैं... हम यहां लोकतंत्र की रक्षा के लिए हैं। हम वही कर रहे हैं। यह हमारे लिए 'करो या मरो' की लड़ाई है... ताकि इस देश के आम लोगों और वोटरों की रक्षा की जा सके। हमारा सीधा मकसद वोटरों और आम लोगों की रक्षा करना है। हम यही कर रहे हैं। उन्हें जो करना है, करने दीजिए।"
- 8 Oct 2026 1:39 PM IST
सरकार बैकफुट पर है - कांग्रेस
दिल्ली: राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ FIR पर कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमन सिंह ने कहा, "... FIR दर्ज होती रही हैं। मेरे खिलाफ भी कई FIR हैं, लेकिन मैं डरता नहीं हूं... सरकार बैकफुट पर है और डरी हुई है। बार-बार FIR दर्ज होने से पता चलता है कि अगर आप लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करते हैं या जंतर-मंतर जाना चाहते हैं, तो आपको ऐसा करने नहीं दिया जाएगा..."
- 8 Oct 2026 11:59 AM IST
खड़गे ने फिर विपक्षी सांसदों को लंच पर बुलाया
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लगातार दूसरे दिन गुरुवार को दिल्ली के एक रेस्तरां में INDIA गठबंधन के नेताओं के लिए लंच का आयोजन कर रहे हैं।
मिडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह लंच दोपहर 1:45 बजे कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल स्थित मोएट्स (Moets) रेस्तरां में प्रस्तावित है। सूत्रों के अनुसार, लंच के बाद विपक्षी नेता मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर सकते हैं।
इससे एक दिन पहले बुधवार को राहुल गांधी के नेतृत्व में INDIA गठबंधन के नेताओं ने एक बार फिर विरोध-प्रदर्शन किया था। जनपथ स्थित सागर रत्ना रेस्तरां में विपक्षी नेताओं के शाकाहारी लंच के बाद अचानक प्रदर्शन की योजना बनाई गई। इसके बाद नेता बसों के जरिए जंतर-मंतर के पास पहुंचे और धरना देने की कोशिश की।
हालांकि, लगातार दूसरे दिन दिल्ली पुलिस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन को बीच रास्ते में ही रोक दिया। पुलिस ने राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को जबरन हिरासत में ले लिया।
इस दौरान राहुल गांधी ने कहा, "जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक हम विरोध-प्रदर्शन बंद नहीं करेंगे। यह लड़ाई देश की सबसे पवित्र चीज की रक्षा के लिए है। नरेंद्र मोदी और अमित शाह ऐसा कुछ भी नहीं कर सकते, जिससे वे हमें रोक सकें।"

