केरल में अब यूडीएफ राज, वी सतीशन ने ली सीएम पद की शपथ
x

केरल में अब यूडीएफ राज, वी सतीशन ने ली सीएम पद की शपथ

केरल में अब यूडीएफ सरकार ने औपचारिक तौर पर सत्ता संभाल ली है। वी सतीशन ने सीएम पद की शपथ ली।


Keralam New Government Formation : राज्य में लंबे समय से जारी राजनीतिक कशमकश और विचार-विमर्श के बाद आखिरकार नई कैबिनेट की तस्वीर साफ हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीडी सतीशन सोमवार को केरल के नए मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। मुख्यमंत्री समेत इस नई सरकार में कुल 20 मंत्री शामिल हैं। सतीशन ने रविवार शाम को तिरुवनंतपुरम के राजभवन (लोक भवन) पहुंचकर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की और उन्हें अपने मंत्रियों की अंतिम सूची सौंपकर सरकार बनाने का आधिकारिक दावा पेश किया।


रमेश चेन्निथला बनेंगे कैबिनेट मंत्री, केसी वेणुगोपाल भी थे सीएम की रेस में
केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 140 में से 102 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। हालांकि, स्पष्ट बहुमत के बावजूद मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर गठबंधन के भीतर 10 दिनों तक पेंच फंसा रहा। इस शीर्ष पद की रेस में सतीशन के अलावा कांग्रेस के कद्दावर नेता केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला भी मजबूती से शामिल थे। आखिरकार कांग्रेस आलाकमान ने 14 मई को वीडी सतीशन के नाम पर मुहर लगाते हुए उन्हें विधायक दल का नेता चुना। अब रमेश चेन्निथला को नई सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल कर असंतोष को शांत करने की कोशिश की गई है।

तीन दिनों के कड़े मंथन के बाद क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन के साथ लिस्ट फाइनल
मंत्रिमंडल के चेहरों को तय करने के लिए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और गठबंधन सहयोगियों के बीच शुक्रवार से ही मैराथन बैठकों का दौर चल रहा था। रविवार शाम को सूची फाइनल होने के बाद मनोनीत मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने मीडिया को बताया कि मंत्रियों का चयन करते समय केरल के क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और सामाजिक-जातीय संतुलन का पूरा ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को 63 सीटें मिलने के कारण कई योग्य और कद्दावर नेता इस सूची में शामिल होने से रह गए हैं, लेकिन सीमित कैबिनेट क्षमता के कारण यह फैसला लेना बेहद जरूरी था।

के. मुरलीधरन भी बनेंगे मंत्री, थिरुवनचूर राधाकृष्णन चुने गए विधानसभा स्पीकर
सतीशन द्वारा घोषित सूची के अनुसार, कांग्रेस के दिग्गज नेता रमेश चेन्निथला, के. मुरलीधरन और सनी जोसेफ मंत्रिमंडल का मुख्य हिस्सा होंगे। इसके अलावा, पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री थिरुवनचूर राधाकृष्णन को नए विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, जबकि शनिमोल उस्मान को डिप्टी स्पीकर का पद दिया जाएगा। मंत्रियों की घोषणा के साथ ही यूडीएफ ने अपने कुनबे को एकजुट रखने और सरकार के कामकाज को रफ्तार देने का खाका पूरी तरह तैयार कर लिया है।

यूडीएफ की बड़ी सहयोगी मुस्लिम लीग (IUML) के खाते में आए 5 मंत्री पद
गठबंधन की दूसरी सबसे बड़ी और अहम सहयोगी पार्टी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) को चुनाव में मिली 22 सीटों के आधार पर मंत्रिमंडल में बड़ा प्रतिनिधित्व मिला है। मुस्लिम लीग के कोटे से कुल 5 विधायकों को मंत्री बनाया जाएगा। इनमें पार्टी के कद्दावर नेता पीके कुन्हालीकुट्टी के अलावा एन शम्सुद्दीन, के एम शाजी, पी के बशीर और वीई अब्दुल गफूर शामिल हैं। इस बड़े हिस्सेदारी के जरिए कांग्रेस ने गठबंधन धर्म को मजबूत रखने का संदेश दिया है।

सेंट्रल स्टेडियम में सुबह 10 बजे होगा शपथ ग्रहण, खड़गे, राहुल और प्रियंका भी पहुंचेंगे
केरल की नई सरकार का भव्य शपथ ग्रहण समारोह सोमवार सुबह 10 बजे तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक राजनीतिक मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और वायनाड की नवनिर्वाचित सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा विशेष रूप से मौजूद रहेंगी। इनके अलावा कांग्रेस शासित राज्यों कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री भी इस समारोह के गवाह बनेंगे। गठबंधन ने इस मौके पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और टीवीके (TVK) प्रमुख सी जोसेफ विजय को भी न्योता भेजा है।


Read More
Next Story