
BCCI ने जारी किए IPL फ्रेंचाइजी के सख्त नियम, 'हनी ट्रैप' की चेतावनी
यह परामर्श मौजूदा सीजन के दौरान देखी गई कुछ घटनाओं के मद्देनजर जारी किया गया है। इसका उद्देश्य व्यावसायिकता, अनुशासन, सुरक्षा जागरूकता और प्रोटोकॉल अनुपालन है..
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने गुरुवार (7 मई) को सभी 10 IPL फ्रेंचाइजी के लिए आठ पन्नों का एक विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किया है। इसमें प्रोटोकॉल के गंभीर उल्लंघन पर चिंता व्यक्त की गई है और मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOPs) को निर्धारित किया गया है, जिनका निकट भविष्य में कड़ाई से पालन करना अनिवार्य होगा।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने 10 फ्रेंचाइजी के CEO को लिखे पत्र में कहा, "यह परामर्श मौजूदा सीजन के दौरान देखी गई कुछ घटनाओं के मद्देनजर जारी किया गया है। इसका उद्देश्य व्यावसायिकता, अनुशासन, सुरक्षा जागरूकता और प्रोटोकॉल अनुपालन के उन मानकों को सुदृढ़ करना है, जो IPL से जुड़े सभी हितधारकों से अपेक्षित हैं।"
आठ पन्नों का महत्वपूर्ण दस्तावेज
यह आठ पन्नों का दस्तावेज BCCI की भ्रष्टाचार निरोधी और सुरक्षा इकाई (ACSU) द्वारा रिपोर्ट किए गए उल्लंघनों को रेखांकित करता है।
इसकी प्रस्तावना में सैकिया ने लिखा "BCCI के संज्ञान में आया है कि वर्तमान IPL सीजन के दौरान खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ और टीम अधिकारियों से जुड़ी कदाचार और प्रोटोकॉल उल्लंघन की कुछ घटनाएं हुई हैं। यदि इन पर ध्यान नहीं दिया गया तो ये टूर्नामेंट, संबंधित फ्रेंचाइजी और गवर्निंग बॉडी के रूप में BCCI की प्रतिष्ठा को भारी नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसके अलावा, ये व्यक्तियों और फ्रेंचाइजी को गंभीर कानूनी देनदारी और सुरक्षा जोखिमों के दायरे में ला सकते हैं।"
खिलाड़ियों के कमरों में 'अनधिकृत व्यक्तियों' का प्रवेश
एक बड़ी चिंता खिलाड़ियों के होटल के कमरों में "अनधिकृत व्यक्तियों" के जाने को लेकर रही है। दस्तावेज में कहा गया है "यह देखा गया है कि कुछ खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के सदस्यों ने संबंधित टीम मैनेजर की जानकारी या मंजूरी के बिना अनधिकृत व्यक्तियों को अपने होटल के कमरों में प्रवेश करने दिया। कई मामलों में टीम मैनेजर को ऐसे आगंतुकों की मौजूदगी के बारे में बिल्कुल भी पता नहीं था। इस प्रथा को तत्काल प्रभाव से सख्ती से प्रतिबंधित किया गया है।"
लिखित अनुमति अनिवार्य: किसी भी व्यक्ति को (चाहे वह टीम के सदस्य का रिश्तेदार ही क्यों न हो) टीम मैनेजर की पूर्व जानकारी और स्पष्ट लिखित अनुमति के बिना खिलाड़ी या सहयोगी स्टाफ के कमरे में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सार्वजनिक क्षेत्रों में मुलाकात: मेहमानों और आगंतुकों से केवल होटल के निर्धारित सार्वजनिक क्षेत्रों जैसे लॉबी या रिसेप्शन लाउंज में ही मुलाकात की जाएगी।
हनी ट्रैप का खतरा: BCCI ने सभी फ्रेंचाइजी का ध्यान 'टारगेटेड कॉम्प्रोमाइज' और 'हनी ट्रैपिंग' के उन जोखिमों की ओर आकर्षित किया है जो हाई-प्रोफाइल खेल वातावरण में व्याप्त हैं। यौन दुराचार पर लागू भारतीय कानूनों के तहत गंभीर कानूनी आरोपों की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।
फ्रेंचाइजी मालिकों द्वारा प्रोटोकॉल का उल्लंघन
दस्तावेज में उन टीम मालिकों द्वारा किए गए उल्लंघनों का भी उल्लेख है जिन्होंने 'प्लेयर्स एंड मैच ऑफिशियल्स एक्सेस' (PMOA) की पवित्रता नहीं बनाए रखी।
BCCI ने चिंता जताते हुए कहा कि कुछ मालिक लाइव मैच के दौरान खिलाड़ियों से संवाद करने, उनके पास जाने, गले मिलने या शारीरिक रूप से बातचीत करने की कोशिश करते देखे गए हैं। यह आचरण, चाहे कितनी भी अच्छी मंशा से किया गया हो, स्थापित प्रोटोकॉल के सीधे खिलाफ है और टीम के माहौल व मैच की कार्यवाही में हस्तक्षेप माना जा सकता है।
मालिकों के लिए तीन-सूत्रीय दिशा-निर्देश..
प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश वर्जित: मैच के दौरान डगआउट, ड्रेसिंग रूम या खेल के क्षेत्र में खिलाड़ियों या टीम अधिकारियों से सीधे संवाद या शारीरिक संपर्क पर सख्त पाबंदी है।
PMOA प्रोटोकॉल का पालन: प्रतिबंधित क्षेत्रों में मालिकों की पहुंच IPL संचालन प्रभाग द्वारा बताए गए PMOA प्रोटोकॉल के अनुसार ही होनी चाहिए।
फ्रेंचाइजी की जिम्मेदारी: प्रबंधन यह सुनिश्चित करे कि मालिकों और उनके सहयोगियों को प्रत्येक मैच से पहले प्रोटोकॉल की पूरी जानकारी दी जाए।
वेपिंग (Vaping) और प्रतिबंधित पदार्थों पर रोक
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग के ड्रेसिंग रूम की बालकनी में वेपिंग (ई-सिगरेट पीना) करने की घटना ने विवाद खड़ा कर दिया था। बिना नाम लिए सैकिया ने लिखा, "ड्रेसिंग रूम और अन्य प्रतिबंधित क्षेत्रों में वेपिंग की घटनाएं BCCI के संज्ञान में आई हैं। यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि भारतीय कानून के तहत वेप्स और ई-सिगरेट प्रतिबंधित हैं। ऐसा करना न केवल BCCI के नियमों का उल्लंघन है, बल्कि एक संज्ञेय अपराध भी हो सकता है।"
BCCI ने स्पष्ट किया कि वेप्स, ई-सिगरेट और सभी प्रतिबंधित पदार्थों का उपयोग ड्रेसिंग रूम, डगआउट, टीम होटल और अभ्यास सुविधाओं सहित सभी IPL टूर्नामेंट स्थलों के भीतर पूरी तरह से प्रतिबंधित है।

