Hardik Pandya हुए अफगानिस्तान के खिलाफ ODI सीरीज़ से बाहर, जानिए अब कब होगी मैदान पर वापसी?
x

Hardik Pandya हुए अफगानिस्तान के खिलाफ ODI सीरीज़ से बाहर, जानिए अब कब होगी मैदान पर वापसी?

हार्दिक पांड्या की यह नई चोट भारतीय टीम मैनेजमेंट के लिए सिरदर्द बन गई है क्योंकि टीम पहले से ही विराट कोहली के बिना मैदान पर उतरने की तैयारी कर रही है। विराट कोहली आईपीएल 2026 के फाइनल मैच में अपनी हैमस्ट्रिंग खिंचा बैठ थे।


दक्षिण अफ्रीका में होने वाले साल 2027 वनडे वर्ल्ड कप की शुरुआती तैयारियों में जुटी भारतीय क्रिकेट टीम को एक के बाद एक कई बड़े झटके लग रहे हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ शनिवार से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले स्टार ऑलराउंडर और उपकप्तान हार्दिक पांड्या पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के चोटिल होने के बाद, हार्दिक पांड्या का बाहर होना भारतीय टीम के मिडिल ऑर्डर और गेंदबाजी संतुलन के लिए एक बहुत बड़ा नुकसान माना जा रहा है।

बेंगलुरु में फिटनेस टेस्ट के दौरान लगी नई चोट

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सूत्रों ने पुष्टि की है कि हार्दिक पांड्या इस समय 'क्वाड्रिसेप्स' (जांघ की ऊपरी मांसपेशी) की चोट से जूझ रहे हैं, जिसे पूरी तरह ठीक होने में कम से कम तीन हफ्ते का समय लगेगा। दिलचस्प और परेशान करने वाली बात यह है कि हार्दिक पांड्या को यह नई चोट अपनी पुरानी चोट का फिटनेस टेस्ट देने के दौरान लगी। दरअसल, आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस की कप्तानी करते हुए हार्दिक की पीठ में गंभीर खिंचाव (Back Spasm) आ गया था, जिसके कारण वह आईपीएल के आखिरी लीग मैचों से भी दूर रहे थे। इसी चोट का क्लियरेंस सर्टिफिकेट (फिटनेस सर्टिफिकेट) लेने के लिए वह बेंगलुरु में बीसीसीआई के 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' (CoE) पहुंचे थे। सूत्रों के मुताबिक, वहां असेसमेंट के दौरान जब उनसे पूरे 10 ओवर गेंदबाजी करने को कहा गया, तो ज्यादा वर्कलोड के कारण उनकी जांघ की मांसपेशी खिंच गई और वह दोबारा चोटिल हो गए।

बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया, "हार्दिक को रिकवरी के लिए कम से कम तीन सप्ताह की जरूरत है। ऐसे में उनका अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलने का कोई चांस नहीं है, क्योंकि तब तक उनका रिहैबिलिटेशन (रिहैब) पूरा नहीं हो पाएगा।"

आईपीएल ने बढ़ाई दिग्गजों की मुश्किलें, रोहित पर भी संशय

हार्दिक पांड्या की यह नई चोट भारतीय टीम मैनेजमेंट के लिए सिरदर्द बन गई है क्योंकि टीम पहले से ही विराट कोहली के बिना मैदान पर उतरने की तैयारी कर रही है। विराट कोहली आईपीएल 2026 के फाइनल मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ बल्लेबाजी करते समय अपनी हैमस्ट्रिंग (जांघ के पीछे की मांसपेशी) खिंचा बैठ थे।

सिर्फ विराट और हार्दिक ही नहीं, पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की उपलब्धता को लेकर भी संशय के बादल मंडरा रहे हैं। रोहित शर्मा भी आईपीएल के पिछले कुछ महीनों में अपनी फिटनेस और खराब फॉर्म से जूझते नजर आए हैं। हालांकि, बीसीसीआई ने विराट कोहली के विकल्प के तौर पर युवा बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल को टीम में शामिल कर लिया है, लेकिन हार्दिक पांड्या की जगह कौन लेगा, इस पर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

शनिवार से शुरू होगी सीरीज़

भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला वनडे मैच शनिवार को धर्मशाला के खूबसूरत मैदान पर खेला जाएगा। इसके बाद सीरीज के बाकी दो मैच क्रमशः 17 जून को लखनऊ और 20 जून को चेन्नई में आयोजित होने हैं। हार्दिक पांड्या जैसे मुख्य ऑलराउंडर के न होने से अब नितीश रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर जैसे युवाओं पर बड़ी जिम्मेदारी आ गई है।

अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारत की अपडेटेड वनडे टीम:

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली (चोटिल/बाहर), श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या (चोटिल/बाहर), नितीश रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर ब्रार, हर्ष दुबे।

Read More
Next Story