फीफा वर्ल्ड कप 2026: गोल्डन बूट के 10 सबसे बड़े दावेदार
x

फीफा वर्ल्ड कप 2026: गोल्डन बूट के 10 सबसे बड़े दावेदार

रिकॉर्ड 40 अतिरिक्त मैचों के साथ गोलों की बरसात के लिए तैयार है महाकुंभ. एम्बापे, हैलैंड से लेकर मेसी-रोनाल्डो तक, फीफा ने जारी की टॉप-10 शॉर्टलिस्ट.


Click the Play button to hear this message in audio format

FIFA World Cup: फुटबॉल के इतिहास में अब तक के सबसे बड़े और भव्य 2026 फीफा वर्ल्ड कप (FIFA World Cup 2026) का मंच सज चुका है. इस बार पिछले टूर्नामेंटों की तुलना में रिकॉर्ड 40 मैच ज्यादा खेले जाएंगे, जिसका सीधा मतलब है कि इस एडिशन में गोलों की ऐसी बरसात होने वाली है जो इतिहास के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर देगी. लेकिन इस महाकुंभ के बीच सबसे बड़ा सस्पेंस इस बात को लेकर है कि 'एडिडास गोल्डन बूट' (टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी का अवॉर्ड) किसके नाम रहेगा? फीफा (FIFA) ने इस प्रतिष्ठित रेस के लिए दुनिया के 10 सबसे घातक और फॉर्म में चल रहे खिलाड़ियों की आधिकारिक सूची जारी की है.


इस बार रेस में जहां युवा खून का जोश है, वहीं क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी जैसे दिग्गजों का आखिरी वर्ल्ड कप जादू भी शामिल है.

शीर्ष 5 महा-दावेदार: जिनके आंकड़े देख कांप जाते हैं डिफेंडर्स
किलियन एम्बापे (फ्रांस): फ्रांस के लिए 98 मैचों में 56 गोल दाग चुके एम्बापे का वर्ल्ड कप रिकॉर्ड खौफनाक है (14 मैचों में 12 गोल). 27 वर्षीय एम्बापे फ्रांस के लिए सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड इसी वर्ल्ड कप में तोड़ने के करीब हैं. पिछले 49 अंतरराष्ट्रीय मैचों में वे 39 गोल कर चुके हैं.

हैरी केन (इंग्लैंड): इंग्लैंड के कप्तान केन के नाम 113 मैचों में 79 गोल दर्ज हैं. 32 साल के केन अगर इस बार गोल्डन बूट जीतते हैं, तो वे दुनिया के पहले ऐसे खिलाड़ी बनेंगे जिन्होंने दो बार गोल्डन बूट अपने नाम किया हो. बायर्न म्यूनिख के लिए हर मैच में एक गोल का औसत रखने वाले केन इस समय अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं.

अर्लिंग हैलैंड (नॉर्वे): नॉर्वे के इस गोल-मशीन के आंकड़े अविश्वसनीय हैं. हैलैंड ने अपनी राष्ट्रीय टीम के लिए महज 50 मैचों में 55 गोल दागे हैं. वे दुनिया के छठे और पिछले 53 साल में पहले ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने 50 से कम मैचों में 50 अंतरराष्ट्रीय गोल पूरे किए हैं. हालांकि, यह उनका पहला वर्ल्ड कप होगा.

लियोनेल मेसी (अर्जेंटीना): फुटबॉल के सर्वकालिक महान खिलाड़ी मेसी इस वर्ल्ड कप के दौरान 39 वर्ष के हो जाएंगे. अर्जेंटीना के लिए पिछले 37 मैचों में 35 गोल करने वाले मेसी के शानदार करियर में आज तक एक भी 'गोल्डन बूट' अवॉर्ड नहीं आया है. वे इस बार इस कसक को दूर करना चाहेंगे.

क्रिस्टियानो रोनाल्डो (पुर्तगाल): 40 साल के रोनाल्डो अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल के सर्वकालिक टॉप स्कोरर (226 मैचों में 143 गोल) हैं. अल नासर के लिए रिकॉर्ड तोड़ रहे रोनाल्डो ने पुर्तगाल के लिए अपने पिछले 30 मैचों में 25 गोल दागे हैं. नए कोच रोबर्टो मार्टिनेज के तहत वे टीम की मुख्य ताकत बनकर उतर रहे हैं.

बाकी 5 धुरंधर: जो पलट सकते हैं पूरा पासा
मिकेल ओयारज़ाबाल (स्पेन): स्पेन के लिए 53 मैचों में 25 गोल करने वाले ओयारज़ाबाल का यह पहला वर्ल्ड कप है. पिछले 13 मैचों में 13 गोल दाग चुके इस खिलाड़ी को पेड्रि, लामिन यमाल और निको विलियम्स जैसे क्रिएटिव विंगर्स का मजबूत साथ मिलेगा.

लामिन यमाल (स्पेन): स्पेन के इस खिलाड़ी ने अब तक 25 मैचों में 6 गोल किए हैं. महज 19 साल के यमाल अगर यह अवॉर्ड जीतते हैं, तो वे जेम्स रोड्रिगेज (2014) का रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास के सबसे युवा गोल्डन बूट विनर बन जाएंगे.

उस्मान डेम्बेले (फ्रांस): फ्रांस के लिए 59 मैचों में 7 गोल करने वाले डेम्बेले वर्ल्ड कप के 11 मैचों में अब तक खाता नहीं खोल पाए हैं. हालांकि, पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) के लिए पिछले दो सीजन में 55 गोल दागकर वे अब एक घातक फिनिशर बन चुके हैं.

विनीसियस जूनियर (ब्राज़ील): ब्राजील के लिए 49 मैचों में 9 गोल करने वाले 25 वर्षीय विनीसियस का रिकॉर्ड भले ही थोड़ा कम दिखे, लेकिन वे रियल मैड्रिड के लिए पिछले पांच लगातार सीजन में हर बार 20 से अधिक गोल करने का अविश्वसनीय कारनामा कर चुके हैं.

राफिन्या (ब्राज़ील): ब्राजील के इस अटैकिंग मिडफील्डर ने 38 मैचों में 11 गोल किए हैं. बार्सिलोना के लिए 2024/25 सीजन से अब तक 90 मैचों में 55 गोल दागने वाले राफिन्या के पास ब्राजील के लिए पेनल्टी और फ्री-किक लेने की जिम्मेदारी भी होगी, जो उन्हें रेस में आगे रखेगी.


Read More
Next Story