
T-20 World Cup में आज मिलेगा पहला फाइनलिस्ट, जानिए NZ vs SA में कौन-किस पर भारी?
कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनल खेला जाएगा। दक्षिण अफ्रीका इस टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है। ऐसे में न्यूज़ीलैंड के लिए चुनौती आसान नहीं है।
T-20 World Cup, NZ vs SA, Ist Semi Final: बुधवार की शाम ईडन गार्डन्स पर पारा चढ़ने वाला है, जब टी20 वर्ल्ड कप के पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। अब तक टूर्नामेंट में अजेय रही दक्षिण अफ्रीकी टीम का पलड़ा न्यूजीलैंड पर भारी नजर आ रहा है। अगर दक्षिण अफ्रीका यह मैच जीतती है, तो यह लगातार दूसरी बार होगा जब वे वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचेंगे।
ईडन गार्डन्स की पिच और पेसर्स का जलवा
कोलकाता का यह मैदान हाई-स्कोरिंग मैचों के लिए जाना जाता है, जहाँ औसत स्कोर 180 के करीब रहता है। यहाँ टॉस जीतकर टीमें चेज़ करना पसंद करती हैं। दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे बड़ी ताकत उनकी पेस बैटरी है। लुंगी एनगिडी, कगिसो रबाडा, मार्को जानसन और कॉर्बिन बॉश के दमदार प्रदर्शन की बदौलत ही द.अफ्रीकी टीम इस टूर्नामेंट में अजेय है। ऐतिहासिक रूप से यहाँ स्पिनरों के मुकाबले तेज गेंदबाजों को अधिक सफलता मिलती है, और दक्षिण अफ्रीका के ये चारों गेंदबाज शानदार फॉर्म में हैं।
न्यूजीलैंड की चुनौतियां
कीवी टीम के लिए चिंता का विषय उनके तेज गेंदबाजों का प्रदर्शन है। जहाँ दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों के नाम 10 से ज्यादा विकेट हैं, वहीं मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन जैसे अनुभवी कीवी गेंदबाज अब तक दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए हैं। मिचेल सैंटनर की कप्तानी वाली टीम ने अपने सुपर-8 के मैच श्रीलंका की स्पिन-फ्रेंडली पिचों पर खेले थे, लेकिन कोलकाता की उछाल भरी पिच पर जैकब डफी और अन्य पेसर्स को अपनी रणनीति बदलनी होगी।
बल्लेबाजी में किसका पलड़ा भारी?
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम 268 रनों के साथ शानदार फॉर्म में हैं। क्विंटन डी कॉक, ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर ने अलग-अलग मौकों पर टीम को जीत दिलाई है।
वहीं न्यूजीलैंड की बात करें तो ओपनर टिम सेफर्ट (216 रन) और फिन एलन (189 रन) ही अब तक चमक पाए हैं। रचिन रवींद्र और ग्लेन फिलिप्स ने साथ दिया है, लेकिन मध्यक्रम में मार्क चैपमैन और डेरिल मिचेल का बल्ला खामोश रहना कीवी टीम के लिए खतरे की घंटी है।
इतिहास और कप्तानों की बात
दिलचस्प बात यह है कि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में न्यूजीलैंड ने कभी भी दक्षिण अफ्रीका को नहीं हराया है। दोनों के बीच यह छठा मुकाबला होगा। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में माना, "हम जानते हैं कि दक्षिण अफ्रीका एक बड़ा खतरा है। वे एक बहुत ही संतुलित टीम हैं। लेकिन यह एक नॉकआउट मैच है, और जो टीम दबाव को बेहतर झेलेगी, वही आगे बढ़ेगी। हमने अलग-अलग परिस्थितियों (अहमदाबाद और श्रीलंका) में खेला है, अब कोलकाता की चुनौती के लिए तैयार हैं।"

