
भारत-पाक मुकाबले से पहले ‘हैंडशेक प्रोटोकॉल’ पर सस्पेंस, दोनों कप्तानों के हाथ न मिलाने की संभावना
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान सलमान अली आगा ने रविवार को यहां होने वाले टी20 विश्व कप मुकाबले से पहले भारतीय खिलाड़ियों से हाथ मिलाने के सवाल पर कोई सीधा जवाब नहीं दिया लेकिन उम्मीद जताई कि दोनों टीमों के खिलाड़ी खेल की भावना को बनाए रखेंगे।
भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले से पहले एक बार फिर ‘हैंडशेक प्रोटोकॉल’ चर्चा में है। भारतीय कप्तान सूर्य कुमार यादव ने पिछले साल सितंबर में दुबई में एशिया कप के दौरान घोषणा की थी कि उनकी टीम अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिकों के सम्मान में पाकिस्तान के खिलाड़ियों के साथ हाथ नहीं मिलाएगी। इस फैसले को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारतीय सेना के प्रति एकजुटता के प्रतीक के रूप में भी देखा गया था।
मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि रविवार को होने वाले मुकाबले में भी यही प्रोटोकॉल अपनाए जाने की संभावना है। बताया जा रहा है कि टॉस के समय या मैच समाप्ति पर दोनों कप्तानों के बीच पारंपरिक हाथ मिलाने की औपचारिकता नहीं हो सकती।
इस मुद्दे पर पूछे गए सवाल पर पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने सीधे तौर पर कोई टिप्पणी करने से बचते हुए कहा, “इस बारे में हम कल देखेंगे।”
मैच को लेकर बनी संवेदनशील परिस्थितियों के बीच सलमान आगा ने विवाद से दूरी बनाए रखने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि मुकाबला क्रिकेट की मूल भावना के अनुरूप खेला जाए।
उन्होंने कहा, “मैं उम्मीद करता हूं कि यह खेल उसी भावना के साथ खेला जाए, जिस भावना के साथ इसे शुरुआत से खेला जाता रहा है।”
भारत-पाक मुकाबले से पहले इस प्रतीकात्मक मुद्दे ने मैच की पृष्ठभूमि को और भी संवेदनशील बना दिया है।

