RCB vs LSG मैच से पहले Virat Kohli की चोट पर आया बड़ा अपडेट, जानिए खेल पाएंगे मैच?
x

RCB vs LSG मैच से पहले Virat Kohli की चोट पर आया बड़ा अपडेट, जानिए खेल पाएंगे मैच?

आरसीबी, जो अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है, इस सत्र में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जानी जाती है। विराट कोहली, फिल साल्ट, रजत पाटीदार, टिम डेविड और देवदत्त पडिक्कल जैसे सितारों से सजी आरसीबी की बैटिंग लाइनअप ने अब तक हर मैच में 200 से अधिक रन बनाए हैं।


IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का रोमांच चरम पर है, और बुधवार (15 अप्रैल) को बेंगलुरु के ऐतिहासिक चिन्नास्वामी स्टेडियम में एक महामुकाबला होने जा रहा है। मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से होगा। आरसीबी, जो इस सत्र में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जानी जाती है, अपने घरेलू मैदान पर धमाकेदार प्रदर्शन जारी रखने के लिए बेताब है। दूसरी ओर, लखनऊ सुपर जायंट्स अब तक प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने में नाकाम रही है और अंक तालिका में सातवें स्थान पर संघर्ष कर रही है।

RCB की आक्रामक बल्लेबाजी: अंक तालिका में तीसरा स्थान

रजत पाटीदार की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अभी छह अंकों के साथ तालिका में तीसरे स्थान पर है। बेंगलुरु की टीम शीर्ष पर काबिज राजस्थान रॉयल्स से दो अंक और पंजाब किंग्स से एक अंक पीछे है। लेकिन सच्चाई यह है कि आईपीएल के इस सत्र में आरसीबी के बल्लेबाजों ने गेंदबाजों के मन में जितना खौफ पैदा किया है, उतना कोई अन्य टीम नहीं कर पाई है। आरसीबी के बल्लेबाजों ने अभी तक एकजुट होकर प्रदर्शन किया है और सभी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

स्ट्राइक रेट, स्कोर और छक्के जड़ने में RCB का कोई सानी नहीं

आरसीबी के शीर्ष पांच बल्लेबाजों का स्ट्राइक रेट उनकी आक्रामकता की गवाही देता है। विराट कोहली (स्ट्राइक रेट 162), फिल साल्ट (178), रजत पाटीदार (214), टिम डेविड (221) और देवदत्त पडिक्कल (201) ने आईपीएल 2026 में सभी टीमों के गेंदबाजों के सामने कड़ी चुनौती पेश की है। इन पांचों बल्लेबाजों ने मिलकर चार मैचों में कुल 52 छक्के जड़े हैं, जो इस सत्र में किसी भी टीम द्वारा सर्वाधिक है। आरसीबी ने 'रेंज-हिटिंग' को एक नए स्तर पर पहुंचा दिया है। इसी का नतीजा है कि आरसीबी ने वर्तमान सत्र में अभी तक किसी भी मैच में 200 से कम रन नहीं बनाए हैं।

कोहली की चोट पर बड़ा अपडेट

घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने के लिए बेताब आरसीबी के लिए एक राहत की खबर यह है कि टखने की चोट के बावजूद विराट कोहली अभ्यास के लिए लौटे हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच के दौरान उनके टखने में हल्की चोट आई थी, जिससे इस मैच में उनके खेलने को लेकर अनिश्चितता थी। लेकिन कोहली अपने पैर में पट्टी बांधकर अभ्यास के लिये आये, जो उनके खेलने की संभावनाओं को बढ़ाता है। आरसीबी अपने घरेलू मैदान पर अगले तीन मैच में भी परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाना चाहगा। वह एलएसजी के बाद दिल्ली कैपिटल्स (18 अप्रैल) और गुजरात टाइटन्स (24 अप्रैल) के खिलाफ यहां मैच खेलेगा।

लखनऊ सुपर जायंट्स की गेंदबाजी: एक चुनौती?

लेकिन क्या चिन्नास्वामी स्टेडियम में सुपर जायंट्स के गेंदबाजी आक्रमण से उन्हें किसी तरह की चुनौती का सामना करना पड़ेगा? एलएसजी की तरफ से अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और दिग्वेश राठी ने अब तक प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। शमी की 6.2 की इकॉनमी अब तक नियमित गेंदबाजों में सर्वश्रेष्ठ है। लेकिन चेन्नास्वामी की सपाट पिच पर आरसीबी के बल्लेबाजों के खिलाफ सटीक गेंदबाजी करना एलएसजी के लिए बड़ी चुनौती होगी।

संघर्ष कर रही है लखनऊ सुपर जायंट्स की बैटिंग

गेंदबाजों के अच्छे प्रदर्शन के बावजूद एलएसजी तालिका में सातवें स्थान पर है और इसका मुख्य कारण उसके बल्लेबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन है। ऋषभ पंत की अगुवाई वाला बल्लेबाजी क्रम अभी तक लय में नहीं आया है। स्वयं कप्तान पंत चार मैचों में 130 के स्ट्राइक रेट से 103 रन ही बना पाए हैं। मिचेल मार्श, एडन मार्क्रम, निकोलस पूरन जैसे अन्य शीर्ष बल्लेबाज तथा आयुष बडोनी और अब्दुल समद जैसे युवा भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। आरसीबी के गेंदबाजों का प्रदर्शन अभी तक उतार-चढ़ाव वाला रहा है और एलएसजी के बल्लेबाज उसकी कमजोरी का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे।

मैच का समय और टॉस

मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा, और टॉस 7 बजे होगा। यह मुकाबला रनों की बारिश और रोमांच से भरा होने की उम्मीद है, जहाँ एक तरफ आरसीबी की 'रेंज-हिटिंग' होगी तो दूसरी तरफ मोहम्मद शमी की किफायती गेंदबाजी।

Read More
Next Story