खतरे में सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड, 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी करेंगे टीम इंडिया के लिए डेब्यू!
x

खतरे में सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड, 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी करेंगे टीम इंडिया के लिए डेब्यू!

सिर्फ 15 साल की उम्र में आईपीएल 2026 (IPL 2026) में अपनी आतिशी बल्लेबाजी से दुनिया को हैरान करने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी जल्द ही भारतीय टीम की नीली जर्सी में नजर आ सकते हैं।


भारतीय क्रिकेट इतिहास में कुछ नाम ऐसे होते हैं जो मैदान पर कदम रखते ही इतिहास रच देते हैं। 1989 में जब एक 16 साल का लड़का पाकिस्तान के खूंखार गेंदबाजों के सामने खड़ा हुआ, तो दुनिया ने उसे 'मास्टर ब्लास्टर' सचिन तेंदुलकर के रूप में पहचाना। सचिन का सबसे युवा भारतीय क्रिकेटर होने का रिकॉर्ड दशकों से कायम है, लेकिन अब 2026 में, एक नया सितारा उभरा है जो इस 'अमर' रिकॉर्ड को ध्वस्त करने की कगार पर है। हम बात कर रहे हैं 15 साल के बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी की।

एक रिपोर्ट ने क्रिकेट जगत में खलबली मचा दी है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के लिए खेल रहे बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को जून 2026 में होने वाले आयरलैंड दौरे (Tour of Ireland) के लिए भारतीय टी20 टीम में शामिल करने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।

चयनकर्ताओं की नजर में वैभव पर

वैभव सूर्यवंशी IPL 2026 में अपनी निडर और बेखौफ बल्लेबाजी से लगातार सुर्खियों बटोर रहे हैं। रिपोर्ट में एक विश्वस्त सूत्र के हवाले से कहा गया है, "वैभव निश्चित रूप से आयरलैंड दौरे की दौड़ में शामिल हैं। चयनकर्ताओं ने कई अन्य खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके नाम को भी शॉर्टलिस्ट किया है।" यह खबर यह साफ करती है कि बीसीसीआई (BCCI) इस युवा प्रतिभा को जल्द से जल्द राष्ट्रीय सेटअप में लाने और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव देने के लिए बेताब है।

अब टूटेगा सचिन तेंदुलकर का ऐतिहासिक रिकॉर्ड?

यदि वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में खेलने का मौका मिलता है, तो वह एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित करेंगे जो महान सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है। सचिन ने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था, तब उनकी उम्र 16 साल और 205 दिन थी। वह आज भी भारत के लिए किसी भी फॉर्मेट में प्रतिनिधित्व करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं। अगर 15 साल के वैभव डेब्यू करते हैं, तो वह सचिन का यह 36 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ देंगे। वैभव सूर्यवंशी क्रिकेट की दुनिया में कई रिकॉर्ड्स पहले ही अपने नाम कर चुके हैं, और बीसीसीआई अब उन्हें भारतीय क्रिकेट के भविष्य के रूप में तैयार करने के लिए तैयार है।

IPL चेयरमैन अरुण धूमल का मिला समर्थन

वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा और टीम इंडिया के लिए उनके संभावित डेब्यू को पूर्व क्रिकेटरों के साथ-साथ खुद आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल का भी भारी समर्थन मिला है। धूमल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर वैभव की जमकर तारीफ की।

धूमल ने लिखा, "इस @IPL 2026 सीजन में वैभव सूर्यवंशी द्वारा क्या अद्भुत बल्लेबाजी प्रदर्शन किया गया है। यह असाधारण प्रतिभा अपने प्रदर्शन को देखते हुए टीम इंडिया @BCCI के लिए सबसे युवा खिलाड़ी के रूप में डेब्यू करने की पूरी हकदार है। यह दुर्लभ है कि आपको इतने प्रतिभाशाली और इत्तेेे युवा खिलाड़ी को चुनने का मौका मिले। निश्चित रूप से उनका नाम भारत के लिए सबसे युवा डेब्यूटेंट के रूप में दर्ज होने का हकदार है।"

बुमराह और हेज़लवुड की धुनाई

आखिर वैभव सूर्यवंशी में ऐसा क्या खास है कि हर कोई उनके डेब्यू की बात कर रहा है? जवाब छिपा है उनकी बेखौफ बल्लेबाजी में। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए खेलते हुए, वैभव ने साबित कर दिया है कि वह दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों का सामना करने में सक्षम हैं। उन्होंने जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) और जोश हेज़लवुड (Josh Hazlewood) जैसे दिग्गजों को बिना किसी डर के डोमिनेट किया है।

आंकड़े बोलते हैं वैभव की कहानी

ताबड़तोड़ स्ट्राइक रेट: आईपीएल 2026 में, उन्होंने 5 पारियों में सिर्फ 200 रन बनाए हैं, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट 263.15 का है, जो हैरतअंगेज है।

तेज तर्रार अर्धशतक: उन्होंने इस सीजन में पहले ही दो 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिए हैं।

ऑरेंज कैप की रेस: वह वर्तमान में ऑरेंज कैप की दौड़ में तीसरे स्थान पर हैं, जो यह दिखाता है कि वह लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।

वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 क्रिकेट के भी बड़े खिलाड़ी रहे हैं। वह इस साल की शुरुआत में जिम्बाब्वे में आयोजित अंडर-19 वर्ल्ड कप (Under-19 World Cup) जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। उन्होंने 7 पारियों में 439 रन बनाकर 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' का पुरस्कार जीता था।

Read More
Next Story