
Shreyas Iyer Injury Update: श्रेयस अय्यर की चोट पर खत्म हुआ सस्पेंस, कप्तान ने खुद दिया बड़ा अपडेट
गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच के दौरान पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर को चोटिल हो गए थे। ये घटना पंजाब की पारी के 12वें ओवर में घटी जब राशिद खान गेंदबाज़ी कर रहे थे, लेकिन अब अय्यर की चोट पर बड़ा अपडेट आया है।
PBKS vs GT: IPL 2025 के रोमांचक मुकाबले में जब पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस की टीमें आमने-सामने थीं, तब एक पल ऐसा आया जिसने पंजाब के फैंस की धड़कनें बढ़ा दीं। कप्तान श्रेयस अय्यर एक तेज शॉट का शिकार हो गए और उनके हाथ में गंभीर चोट लगती दिखी। मैच के बाद हर कोई बस एक ही सवाल पूछ रहा था, 'क्या श्रेयस अय्यर फिट हैं?' अब खुद कप्तान ने अपनी खामोशी तोड़ी है और अपनी इंजरी पर एक बड़ा अपडेट साझा किया है।
कैसे लगी श्रेयस अय्यर को चोट?
यह वाकया पंजाब किंग्स की पारी के 12वें ओवर का है। गुजरात टाइटंस के जादुई स्पिनर राशिद खान गेंदबाजी कर रहे थे। स्ट्राइक पर मौजूद कूपर कॉनोली ने एक बेहद पावरफुल स्ट्रेट शॉट खेला। गेंद में रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े श्रेयस अय्यर को हटने का मौका तक नहीं मिला।
गेंद सीधे उनके बाएं हाथ की उंगलियों पर जाकर लगी। चोट लगते ही अय्यर दर्द से कराह उठे और तुरंत मेडिकल टीम को मैदान पर बुलाना पड़ा। हालांकि, उस वक्त उन्होंने मैजिक स्प्रे लगवाया और अपनी पारी जारी रखी, लेकिन मैच खत्म होने तक उनकी फिटनेस पर सस्पेंस बना रहा।
चोट पर क्या बोले कप्तान अय्यर?
मैच के बाद जब श्रेयस अय्यर इंटरव्यू के लिए आए, तो उनसे पहला सवाल उनकी उंगली की चोट को लेकर ही पूछा गया। फैंस के लिए राहत की बात यह है कि अय्यर ने किसी भी गंभीर खतरे से इनकार कर दिया है।अय्यर ने मुस्कुराते हुए कहा, "मैं अब काफी बेहतर महसूस कर रहा हूँ। सच कहूँ तो ज्यादा कुछ हुआ नहीं है, सब कुछ पहले जैसा ही है। मैं कुछ भी नकारात्मक बोलकर अपशकुन (bad omen) नहीं पैदा करना चाहता। मैं बस पॉजिटिव रहना चाहता हूँ और मुझे पूरी उम्मीद है कि अगले मैच तक सब ठीक हो जाएगा।" अय्यर के इस बयान से साफ है कि वह अगले मैच से बाहर नहीं होने वाले हैं और पंजाब के फैंस को घबराने की जरूरत नहीं है।
छा गए कूपर कॉनोली
चोट के अलावा श्रेयस अय्यर ने टीम के प्रदर्शन पर भी खुलकर बात की। उन्होंने हार या जीत से ज्यादा खिलाड़ियों के जज्बे को सराहा। विशेष रूप से उन्होंने कूपर कॉनोली का जिक्र किया। अय्यर ने कहा कि कॉनोली ने जिस तरह से जिम्मेदारी संभाली और निडर होकर शॉट्स खेले, वह टीम के लिए एक बड़ा पॉजिटिव संकेत है। अय्यर ने यह भी माना कि टी20 क्रिकेट में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन उनकी टीम हर मैच से सीख रही है और वापसी करने के लिए तैयार है।

