
Suryakumar Yadav on Retirement: वर्ल्ड कप जीतने के बाद सूर्या ने संन्यास की खबरों पर तोड़ी चुप्पी, बताया अब क्या करेंगे?
भारत ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीत लिया है। वर्ल्ड कप विनिंग कप्तान बनने के बाद सूर्या ने अपने संन्यास को लेकर चुप्पी तोड़ दी है।
Suryakumar Yadav On Retirement : भारतीय क्रिकेट के 'मिस्टर 360' यानी सूर्यकुमार यादव अब उस एलीट लिस्ट में शामिल हो चुके हैं, जिन्होंने कप्तान के तौर पर भारत को आईसीसी ट्रॉफी जिताने का गौरव हासिल किया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को धूल चटाकर टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही करोड़ों भारतीयों का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। लेकिन इस सुनहरी जीत के बीच एक सवाल जो हर क्रिकेट प्रेमी के मन में था, वो था सूर्या का संन्यास। टूर्नामेंट की शुरुआत से ही यह चर्चा जोरों पर थी कि 35 साल के हो चुके सूर्यकुमार यादव इस वर्ल्ड कप के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। अब कप्तान ने खुद इन अटकलों पर से पर्दा उठा दिया है।
संन्यास पर सूर्या का जवाब
वर्ल्ड कप फाइनल की शानदार जीत के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान सूर्यकुमार यादव और हेड कोच गौतम गंभीर मीडिया से मुखातिब हुए। जब सूर्या से उनके संन्यास के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में जवाब दिया। सूर्या ने मुस्कुराते हुए कहा, "जब सब कुछ इतना अच्छा चल रहा है, तो रिटायरमेंट के बारे में सोचने की क्या जरूरत है?" उनके इस एक बयान ने साफ कर दिया कि फिलहाल वह कहीं नहीं जा रहे हैं। सूर्या ने साफ संकेत दिए हैं कि उनके भीतर अभी काफी क्रिकेट बाकी है और वह नीली जर्सी में देश के लिए और भी करिश्मे करना चाहते हैं।
2028 वर्ल्ड कप पर है नजर
सिर्फ संन्यास की खबरों को खारिज करना ही काफी नहीं था, सूर्या ने अपने अगले लक्ष्यों के बारे में बताकर फैंस को एक और खुशखबरी दे दी। उन्होंने बताया कि अब उनकी नजरें ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने पर हैं। भारतीय टीम का अगला बड़ा लक्ष्य क्रिकेट के ओलंपिक डेब्यू में तिरंगा लहराना है। इतना ही नहीं, सूर्या ने टी20 वर्ल्ड कप 2028 के लिए भी अपनी तैयारी के संकेत दिए हैं। अगला टी20 वर्ल्ड कप ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। सूर्या की बातों से लग रहा है कि वह अगले दो साल और इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना जलवा बिखेरने के लिए पूरी तरह फिट और तैयार हैं।
कप्तानी रही लाजवाब
वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में सूर्यकुमार यादव के बल्ले से रन नहीं निकले और वह बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। लेकिन एक कप्तान के तौर पर उन्होंने मैदान पर जो फैसले लिए, उसने मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। अगर पूरे टूर्नामेंट की बात करें, तो सूर्या भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज रहे। उन्होंने 9 मैचों में 242 रन बनाए। टूर्नामेंट के पहले ही मैच में उनके बल्ले से एक शानदार अर्धशतक निकला था, जिसने मुश्किल वक्त में टीम को संभाला था। पूरे टूर्नामेंट में सूर्या की स्ट्राइक रेट और दबाव झेलने की क्षमता ने टीम इंडिया को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।

