भारत-पाकिस्तान के हाईवोल्टेज मुकाबले में बारिश का खतरा, कोलंबो में मौसम ने बढ़ाई चिंता
x
अगर कोलंबो में भारत-पाकिस्तान मैच बारिश के कारण मैच रद्द होता है, तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेगा, क्योंकि ग्रुप चरण के मैचों के लिए कोई रिजर्व डे निर्धारित नहीं है

भारत-पाकिस्तान के हाईवोल्टेज मुकाबले में बारिश का खतरा, कोलंबो में मौसम ने बढ़ाई चिंता

कोलंबो में मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 15 फरवरी को भारत-पाकिस्तान मैच से पहले तेज गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है।


कोलंबो में रविवार शाम होने वाले भारत-पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है। मैच से दो दिन पहले तक मौसम साफ रहा, लेकिन श्रीलंका मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बनने की चेतावनी दी है, जिससे बारिश की आशंका बढ़ गई है।

कोलंबो में स्थित आर. प्रेमदासा स्टेडियम के लिए जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, दिन की शुरुआत गर्म और उमस भरी रहेगी और तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि, दोपहर के बाद गरज-चमक के साथ बिखरी बारिश की संभावना है और वर्षा की आशंका 50 से 70 प्रतिशत तक जताई गई है।

15 फरवरी को स्थानीय समयानुसार शाम 7 बजे मैच शुरू होना है, लेकिन कुछ मौसम मॉडल टॉस से पहले के घंटों में तेज बारिश की चेतावनी दे रहे हैं। ऐसी स्थिति में टॉस में देरी या मैच छोटा होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, रात 8 बजे के बाद हल्की बारिश के संकेत भी मिले हैं, लेकिन छिटपुट बारिश रात भर जारी रह सकती है।

ड्रेनेज सिस्टम से उम्मीद

बारिश की आशंका के बीच राहत की बात यह है कि प्रेमदासा स्टेडियम उन्नत जल निकासी प्रणाली से लैस है। यहां केवल पिच ही नहीं, बल्कि पूरे मैदान को कवर करने की व्यवस्था है, जिससे आउटफील्ड में पानी भरने से रोका जा सकता है।

ग्राउंड स्टाफ विशेष प्रक्रिया के तहत एक कवर से दूसरे कवर तक पानी को धकेलकर परिधि की नालियों तक पहुंचाते हैं। यह तरीका कई बार सुपर सॉपर मशीनों से भी अधिक प्रभावी साबित होता है। आमतौर पर भारी बारिश रुकने के 45 से 60 मिनट के भीतर मैदान दोबारा खेल के लिए तैयार किया जा सकता है।

अभ्यास सत्र पर भी असर संभव

शनिवार को भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे भारत के अभ्यास सत्र में बाधा आ सकती है। हालांकि इस समय कोलंबो में बारिश असामान्य मानी जा रही है और अब तक श्रीलंका में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप मैचों पर मौसम का असर नहीं पड़ा है।

अंक तालिका पर नजर

ग्रुप ए में भारत और पाकिस्तान दोनों ने दो-दो मैचों में चार-चार अंक हासिल किए हैं। बेहतर नेट रन रेट (3.050) के कारण भारत पाकिस्तान (0.932) से आगे है। अगर बारिश के कारण मैच रद्द होता है तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेगा, क्योंकि ग्रुप चरण के लिए कोई रिजर्व डे निर्धारित नहीं है।

Read More
Next Story