
वैभव सूर्यवंशी का जलवा: IPL में रनों की बारिश के बाद विज्ञापन फीस 100% बढ़ी
IPL 2026 में ऑरेंज कैप जीतकर तहलका मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी की ब्रांड वैल्यू हुई दोगुनी, अब हर विज्ञापन डील के लिए वसूल रहे हैं ₹2 करोड़ तक की भारी-भरकम फीस।
Vaibhav Suryavanshi: मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात करने वाले 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी अब विज्ञापन की दुनिया में भी तहलका मचा रहे हैं। आईपीएल 2026 में अपने बल्ले से कोहराम मचाने के बाद इस खिलाड़ी की ब्रांड वैल्यू रॉकेट की रफ्तार से ऊपर भाग रही है। सूत्रों की मानें तो वैभव ने अब ब्रांड्स को एंडोर्स करने के लिए अपनी फीस में 100 फीसदी तक का इजाफा कर दिया है। यानी जो खिलाड़ी कल तक लाखों-करोड़ों में खेल रहा था, उसकी एक झलक पाने के लिए अब कंपनियां तिजोरी खोलने को तैयार हैं।
हर डील के लिए अब मिलेंगे 2 करोड़ रुपये!
इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स के मुताबिक, आईपीएल सीजन की शुरुआत से पहले वैभव सूर्यवंशी एक विज्ञापन डील के लिए करीब 1 करोड़ रुपयेचार्ज कर रहे थे। लेकिन ऑरेंज कैप जीतने के बाद उनकी लोकप्रियता का ग्राफ इतनी तेजी से बढ़ा है कि उन्होंने अपनी फीस दोगुनी कर दी है।
सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर: "वैभव ने पहले कॉम्प्लान और रेड बुल जैसे बड़े ब्रांड्स के साथ करीब 1 करोड़ रुपये की रेंज में एग्रीमेंट किए थे। लेकिन आईपीएल में उनके ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद, अब वह हर नई डील के लिए 1.5 से 2 करोड़ रुपये की मांग कर रहे हैं।"
फिलहाल वैभव का पूरा बिजनेस और एंडोर्समेंट पोर्टफोलियो उनके माता-पिता और राजस्थान रॉयल्स (RR) की मैनेजमेंट टीम संभाल रही है।
IPL 2026 में वैभव का वो तूफान, जिसने हिला दिया क्रिकेट जगत
वैभव सूर्यवंशी के इस ब्रांड वैल्यू हाइक के पीछे उनका वो प्रदर्शन है, जिसने दिग्गजों को भी दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया। आइए नजर डालते हैं उनके आईपीएल 2026 के आंकड़ों पर
कुल रन 776 रन (ऑरेंज कैप विनर)
स्ट्राइक रेट 237.30 (तूफानी बल्लेबाजी)
अवॉर्ड्स (फाइनल के बाद) 5 बड़े खिताब अपने नाम किए
सीजन के दौरान आलम यह था कि मैदान पर विराट कोहली जैसे महानायक मौजूद होने के बावजूद कैमरों का पूरा फोकस इस 15 साल के लड़के पर टिका रहता था।
क्या नीलामी में जाने पर मिलेंगे 30 करोड़?
वर्तमान में वैभव सूर्यवंशी को राजस्थान रॉयल्स से 1.10 करोड़ रुपये की रिटेनर फीस मिलती है। नियमों के मुताबिक, अगर वह अपनी आईपीएल सैलरी में बड़ा बदलाव चाहते हैं, तो उन्हें कम से कम एक सीजन और इंतजार करना होगा। हालांकि, बाजार के जानकारों और क्रिकेट एक्सपर्ट्स का दावा है कि अगर वैभव आज मेगा ऑक्शन (खिलाड़ियों की नीलामी) में उतरते हैं, तो फ्रेंचाइजियां उन पर 30 करोड़ रुपये तक की बोली लगाने से भी पीछे नहीं हटेंगी।
'सचिन-विराट' से तुलना, लेकिन पैर जमीन पर रखना जरूरी
इतनी कम उम्र में मिली इस अभूतपूर्व कामयाबी के बाद कई क्रिकेट विशेषज्ञ वैभव की तुलना सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर और विराट कोहली के शुरुआती दिनों से कर रहे हैं। हालांकि, जानकारों का यह भी मानना है कि वैभव अभी सिर्फ 15 साल के हैं और उनका करियर बेहद लंबा है। ऐसे में उनके माता-पिता और मैनेजमेंट को पैसों और शोहरत की चकाचौंध के बीच इस युवा खिलाड़ी के खेल पर फोकस बनाए रखना होगा, क्योंकि यह तो बस शुरुआत है!

