
IPL 2026: Virat Kohli पहली बार बने Impact Player, जानिए RCB ने क्यों लिया ये फैसला?
विराट कोहली इस सीजन में बेहतरीन फॉर्म में हैं और 4 मैचों में अब तक दो अर्धशतक लगा चुके हैं। उनकी टीम का प्रदर्शन भी शानदार रहा है, जहां आरसीबी ने 4 में से 3 मैच जीते हैं।
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच होने वाले मुकाबले में क्रिकेट फैंस के लिए एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। आरसीबी के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली इस मैच की शुरुआती प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं। हालांकि, टीम मैनेजमेंट ने उन्हें पूरी तरह बाहर करने के बजाय 'इम्पैक्ट सब' (Impact Sub) विकल्पों की सूची में रखा है।
मुंबई के खिलाफ लगी थी चोट
विराट कोहली की फिटनेस को लेकर सस्पेंस पिछले मैच से ही शुरू हो गया था। वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में रन चेज के दौरान कोहली के टखने में चोट लग गई थी। इस वजह से वह दूसरी पारी में फील्डिंग के लिए भी नहीं उतरे थे। हालांकि उस मैच में उन्होंने शानदार अर्धशतक जड़ा था, लेकिन फील्ड छोड़ते समय वह काफी दर्द में दिखे थे। मैच खत्म होने के बाद उन्हें ड्रेसिंग रूम में लंगड़ाते हुए भी देखा गया था।
मैनेजमेंट का 'इम्पैक्ट' फैसला
टूर्नामेंट के व्यस्त शेड्यूल को देखते हुए आरसीबी के टीम मैनेजमेंट ने कोहली के साथ कोई बड़ा जोखिम नहीं लेने का फैसला किया है। उन्हें इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर रखने का मतलब यह है कि वह फील्डिंग के दौरान मैदान पर भाग-दौड़ नहीं करेंगे, जिससे उनके टखने पर दबाव कम पड़ेगा। टीम उन्हें दूसरी पारी में केवल बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतारेगी।
विराट कोहली इस सीजन में बेहतरीन फॉर्म में हैं और 4 मैचों में अब तक दो अर्धशतक लगा चुके हैं। उनकी टीम का प्रदर्शन भी शानदार रहा है, जहां आरसीबी ने 4 में से 3 मैच जीते हैं।
टॉस और प्लेइंग इलेवन
मैच में आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टॉस के दौरान उन्होंने कोहली की फिटनेस पर कोई खास अपडेट नहीं दिया, जिससे फैंस के बीच चिंता बढ़ गई थी। लेकिन बाद में यह साफ हुआ कि वह चेज के दौरान बल्लेबाजी के लिए आएंगे।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन:
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB XI):
फिल साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, रसिक डार, जोश हेजलवुड।
लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG XI):
मिशेल मार्श, एडेन मार्कराम, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, आवेश खान, दिगवेश राठी, प्रिंस यादव।
कोहली की गैरमौजूदगी में आरसीबी की फील्डिंग पर कितना असर पड़ता है, यह देखना दिलचस्प होगा। लेकिन फैंस को उम्मीद है कि दूसरी पारी में जब विराट 'इम्पैक्ट प्लेयर' के रूप में आएंगे, तो वह अपने बल्ले से मैच का रुख बदल देंगे।

