‘अदरक-लहसुन कभी सब्जी नहीं बन सकते’, भगवंत मान ने बागी सांसदों पर कसा तंज
x
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने राघव चड्ढा कैंप के सात राज्यसभा सांसदों पर तंज कसा है।

‘अदरक-लहसुन कभी सब्जी नहीं बन सकते’, भगवंत मान ने बागी सांसदों पर कसा तंज

आम आदमी के तीन राज्यसभा सांसद बीजेपी का हिस्सा हो चुके हैं, जबकि चार पर सस्पेंस बना हुआ है। इन सबके बीच पंजाब के सीएम भगवंत मान ने तंज कसा है।


आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर चल रही राजनीतिक हलचल ने बड़ा रूप ले लिया है और पार्टी के सामने गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता राघव चड्ढा समेत तीन सांसदों के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने से सियासी माहौल गरमा गया है, जबकि चार अन्य सांसदों को लेकर अभी भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तंज भरा बयान दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सात सांसदों की तुलना सात मसालों से करते हुए लिखा कि अदरक, लहसुन, जीरा, मेथी पाउडर, लाल मिर्च, काली मिर्च और धनिया मिलकर ही सब्जी को स्वादिष्ट बनाते हैं, लेकिन इनमें से कोई भी अकेले अपने आप में सब्जी नहीं बन सकता। उनके इस बयान को पार्टी छोड़ने वाले और छोड़ने की आशंका वाले नेताओं पर कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है।

इसी मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए नेता बलबीर सिंह ने भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि जिन सांसदों को पार्टी और पंजाब के विधायकों ने चुनकर संसद भेजा था, उन्होंने विश्वासघात किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर उनमें नैतिकता होती तो वे पहले इस्तीफा देते। साथ ही उन्होंने इसे बीजेपी का “ऑपरेशन लोटस” करार देते हुए कहा कि बीजेपी इसी तरह विपक्षी दलों के नेताओं को अपने साथ जोड़ती है।

वहीं, सूत्रों के अनुसार राज्यसभा में AAP के सात सांसदों के बीजेपी में विलय की प्रक्रिया जल्द पूरी हो सकती है। बताया जा रहा है कि इससे जुड़ी सभी कानूनी और तकनीकी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और राज्यसभा के सभापति से मंजूरी मिलते ही इन सांसदों को बीजेपी संसदीय दल में शामिल किया जा सकता है।

अगर यह विलय होता है, तो यह आम आदमी पार्टी के लिए संसद में अब तक का सबसे बड़ा झटका साबित होगा। इससे उच्च सदन में पार्टी की ताकत काफी घट जाएगी, जबकि बीजेपी की स्थिति और मजबूत हो जाएगी।राघव चड्ढा के अलावा संदीप पाठक और अशोक मित्तल पहले ही बीजेपी में शामिल हो चुके हैं। वहीं, हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, विक्रम साहनी और राजिंदर गुप्ता के नामों को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है।

Read More
Next Story