
भगवंत मान के घर में BJP की एंट्री, पंजाब राजनीति में हलचल
पंजाब CM भगवंत मान को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। उनके चचेरे भाई ज्ञान सिंह मान और चाचा बलजिंदर सिंह BJP में शामिल हो गए।
पंजाब की राजनीति में सोमवार को बड़ा सियासी घटनाक्रम देखने को मिला। मुख्यमंत्री भगवंत मान के चचेरे भाई ज्ञान सिंह मान ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। उनके साथ मुख्यमंत्री के चाचा बलजिंदर सिंह भी बीजेपी में शामिल हो गए। इस घटनाक्रम को पंजाब की राजनीति में आम आदमी पार्टी और खासकर भगवंत मान के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
चंडीगढ़ बीजेपी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पंजाब बीजेपी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने दोनों नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहे। उन्होंने ज्ञान सिंह मान और उनके समर्थकों का पार्टी में स्वागत किया।
बीजेपी ने बताया ‘बड़ी राजनीतिक एंट्री’
ज्ञान सिंह मान के बीजेपी में शामिल होने के बाद पंजाब के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसे मुख्यमंत्री भगवंत मान के परिवार में बीजेपी की बड़ी सेंध के तौर पर देखा जा रहा है।पंजाब बीजेपी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि बीजेपी लगातार पंजाब में अपनी पकड़ मजबूत कर रही है और नए लोगों के जुड़ने से पार्टी को और ताकत मिलेगी।
पहले ढाबे की रसोई बंद होने पर उठे थे सवाल
मुख्यमंत्री भगवंत मान के चाचा बलजिंदर सिंह इससे पहले भी चर्चा में रहे थे। कुछ समय पहले राज्य सरकार ने उनके ढाबे की रसोई बंद करवा दी थी, जिसके बाद उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर खुलकर निशाना साधा था।उन्होंने आरोप लगाया था कि सरकार एक तरफ एनआरआई को पंजाब में निवेश और कारोबार के लिए बुलाती है, लेकिन दूसरी तरफ कारोबार कर रहे लोगों पर कार्रवाई करती है।
AAP के लिए चुनावी रणनीति संभाल चुके हैं ज्ञान सिंह
ज्ञान सिंह मान सिर्फ परिवार का हिस्सा ही नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी के लिए चुनावी रणनीति में भी अहम भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों के दौरान पार्टी के लिए सक्रिय रूप से काम किया था।हालांकि पिछले कुछ समय से वह मान सरकार की नीतियों की खुलकर आलोचना कर रहे थे। पंजाब में आई बाढ़ के दौरान सरकार और प्रशासन की तैयारियों पर भी उन्होंने सवाल उठाए थे।सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर भी वह कई बार सरकार की कार्यशैली को लेकर नाराजगी जाहिर कर चुके थे।
नायब सैनी का AAP और केजरीवाल पर हमला
बीजेपी में शामिल होने के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला।उन्होंने कहा कि बीजेपी पंजाब में तेजी से आगे बढ़ रही है और आने वाले समय में पार्टी और मजबूत होगी।सैनी ने कहा, “ज्ञान सिंह मान अपने साथियों के साथ बीजेपी में शामिल हुए हैं। हम उनका स्वागत करते हैं।”
इसके साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल के चुनाव नतीजों का जिक्र करते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल ने जिनका समर्थन किया, उनका राजनीतिक नुकसान हुआ।सैनी ने कहा, “केजरीवाल ने कांग्रेस का समर्थन किया, उनका सूपड़ा साफ हो गया। ममता बनर्जी का समर्थन किया, वहां भी हाल वही हुआ।”
ED कार्रवाई और वादों पर भी उठाए सवाल
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने पंजाब सरकार पर भ्रष्टाचार और अधूरे वादों को लेकर भी हमला बोला।उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी खुद को ईमानदार बताती है, लेकिन अगर ऐसा है तो फिर ईडी कार्रवाई क्यों कर रही है।सैनी ने महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये देने के वादे, वेतन आयोग और पेंशन जैसे मुद्दों को लेकर भी पंजाब सरकार को घेरा।
उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में उनकी सरकार सातवां वेतन आयोग लागू कर चुकी है, जबकि पंजाब में अब तक छठे वेतन आयोग से जुड़े कई मुद्दे लंबित हैं और कई रिटायर्ड कर्मचारियों को पेंशन तक नहीं मिल रही।

