
सम्राट चौधरी होंगे बिहार के अगले सीएम, बीजेपी विधायक दल की बैठक में मुहर
बिहार का सीएम कौन होगा अब इस सस्पेंस से पर्दा उठ चुका है। बिहार बीजेपी विधायक दल ने सम्राट चौधरी को अपना नेता चुन लिया है।
बिहार की राजनीति में आज एक बड़ा बदलाव देखने को मिला, जहां एक लंबे राजनीतिक अध्याय का समापन हो गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया, जिससे उनके कार्यकाल का अंत हो गया।इसी के साथ राज्य में पहली बार पूर्ण रूप से बीजेपी की सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है। लंबे समय से चल रही अटकलों के बीच अब यह तय हो गया है कि सम्राट चौधरी बिहार के नए मुख्यमंत्री होंगे।
बीजेपी विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगा दी गई है। इसके साथ ही बिहार में ‘नीतीश युग’ के अंत और ‘सम्राट युग’ की शुरुआत का संकेत मिल गया है, जो राज्य की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत माना जा रहा है।
Live Updates
- 14 April 2026 4:07 PM IST
बीजेपी विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी के नाम पर मुहर लग गई है। उनके नाम का प्रस्ताव डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने की। इस प्रस्ताव को बीजेपी की विधायक रेणु देवी, मंगल पांडेय, दिलीप जायसवाल सहित सभी विधायकों ने समर्थन दिया।
- 14 April 2026 4:01 PM IST
पटना में बीजेपी विधायक दल की बैठक जारी है। उससे पहले आरएलएम के मुखिया उपेंद्र कुशवाहा ने सम्राट चौधरी को बधाई दी।
नयी जवाबदेही के लिए श्री सम्राट चौधरी जी को बहुत-बहुत बधाई और ढ़ेरों शुभकामनाएं। pic.twitter.com/mTJvPcJ88N
— Upendra Kushwaha (@UpendraKushRLM) April 14, 2026 - 14 April 2026 3:55 PM IST
नीतीश कुमार ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को राज्य में पहली बार एनडीए सरकार का गठन हुआ था और तभी से बिहार में कानून का राज स्थापित हुआ। उन्होंने बताया कि तब से लेकर अब तक सरकार लगातार विकास कार्यों में जुटी हुई है।उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार ने शुरुआत से ही समाज के हर वर्ग के लिए काम किया है—चाहे वह हिंदू हो या मुस्लिम, सवर्ण हो या पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित या महादलित—सभी के समग्र विकास पर ध्यान दिया गया है।
उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कृषि जैसे सभी प्रमुख क्षेत्रों में व्यापक काम हुआ है। इसके साथ ही महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
- 14 April 2026 3:54 PM IST
नीतीश कुमार ने कहा कि हाल के दिनों में विकास कार्यों को और गति दी गई है। अगले पांच वर्षों यानी 2025 से 2030 के लिए ‘7 निश्चय-3’ कार्यक्रम तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से राज्य में और व्यापक विकास कार्य किए जाएंगे और बिहार तेजी से आगे बढ़ेगा।उन्होंने यह भी बताया कि बिहार के विकास में केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि राज्य जल्द ही देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा और राष्ट्रीय प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
उन्होंने अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने लगातार बिहार के लोगों की सेवा की है और अनेक विकास कार्य किए हैं। उन्होंने पहले ही तय कर लिया था कि अब मुख्यमंत्री पद छोड़ेंगे, इसलिए मंत्रिमंडल की बैठक के बाद उन्होंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया।
- 14 April 2026 3:53 PM IST
पटना में बीजेपी कार्यालय में विधानमंडल दल की अहम बैठक शुरू हो गई है। यह बैठक केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में आयोजित की जा रही है, जिसमें पार्टी की रणनीति और आगामी राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की संभावना है।बैठक में शामिल होने के लिए बिहार के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी पार्टी कार्यालय पहुंच चुके हैं। सम्राट चौधरी के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला और उन्होंने जोरदार नारेबाजी कर उनका स्वागत किया।
इस बैठक को राज्य की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां संगठनात्मक मजबूती और आगे की रणनीति पर मंथन किया जा सकता है।

