
आलाकमान की लाख कोशिशें नाकाम, अन्नामलाई ने छोड़ा भाजपा का साथ
तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। भाजपा आलाकमान की कोशिशों के बावजूद वे अपने फैसले पर कायम रहे।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तमिलनाडु के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई का इस्तीफा आधिकारिक रूप से स्वीकार कर लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अन्नामलाई के इस्तीफे को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद अन्नामलाई अब भाजपा के प्राथमिक सदस्य भी नहीं रहे।
भाजपा ने जारी की आधिकारिक प्रेस रिलीज
भाजपा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि के. अन्नामलाई ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था, जिसे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने स्वीकार कर लिया है।भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह के हस्ताक्षर से जारी पत्र में कहा गया है कि अन्नामलाई का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से लागू होगा। प्रेस रिलीज में स्पष्ट किया गया कि अब उनका पार्टी से कोई औपचारिक संबंध नहीं है।
दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व से की थी मुलाकात
सूत्रों के अनुसार, अन्नामलाई ने 2 जून को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष से मुलाकात की थी। इसके बाद उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ भी एक अलग और महत्वपूर्ण बैठक हुई थी।
बताया जा रहा है कि भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ हुई चर्चाओं के दौरान अन्नामलाई ने पार्टी छोड़ने की अपनी इच्छा व्यक्त की थी। यह बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई, लेकिन उन्होंने अपने फैसले को लेकर स्पष्ट रुख अपनाया।
आखिरी वक्त तक मनाने की कोशिश
बैठकों के बाद अन्नामलाई को तमिलनाडु लौटना था। वे दिल्ली एयरपोर्ट के लिए रवाना भी हो चुके थे और अपनी उड़ान पकड़ने की तैयारी में थे। इसी दौरान भाजपा नेतृत्व की ओर से उन्हें अचानक वापस बुलाया गया।सूत्रों का कहना है कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें इस्तीफा वापस लेने और संगठन में बने रहने के लिए मनाने की आखिरी कोशिश की। हालांकि अन्नामलाई अपने निर्णय पर कायम रहे और किसी भी तरह का समझौता करने को तैयार नहीं हुए।
आखिरकार स्वीकार हुआ इस्तीफा
काफी प्रयासों के बावजूद जब अन्नामलाई ने अपना फैसला नहीं बदला, तो भाजपा नेतृत्व ने उनका इस्तीफा स्वीकार करने का निर्णय लिया। इसके बाद पार्टी मुख्यालय की ओर से आधिकारिक प्रेस रिलीज जारी कर उनके इस्तीफे की पुष्टि कर दी गई।
तमिलनाडु भाजपा के लिए बड़ा झटका
के. अन्नामलाई को तमिलनाडु भाजपा का आक्रामक और लोकप्रिय चेहरा माना जाता रहा है। पूर्व आईपीएस अधिकारी अन्नामलाई ने राज्य में भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और जनाधार बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
उनके इस्तीफे को तमिलनाडु की राजनीति और भाजपा संगठन के लिए एक बड़े घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। अब राजनीतिक हलकों में इस बात को लेकर चर्चा तेज है कि अन्नामलाई का अगला कदम क्या होगा और क्या वे भविष्य में किसी नए राजनीतिक मंच से सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

