Video: TMC-BJP कार्यकर्ताओं में छिड़ा संग्राम, जमकर चले लात-घूंसे, एयरपोर्ट पर जमकर हुआ हंगामा
x

Video: TMC-BJP कार्यकर्ताओं में छिड़ा संग्राम, जमकर चले लात-घूंसे, एयरपोर्ट पर जमकर हुआ हंगामा

भारतीय जनता पार्टी (BJP) और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर लात-घूंसे चले, जिसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उस समय भारी अफरातफरी और तनाव का माहौल बन गया, जब भारतीय जनता पार्टी (BJP) और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर लात-घूंसे चले, जिसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस हिंसक झड़प के चलते एयरपोर्ट पर मौजूद आम यात्रियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच काफी समय तक अफरातफरी मची रही।

यह पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी दिल्ली का दौरा खत्म कर वापस कोलकाता लौटने वाले थे। उनके आगमन से ठीक पहले एयरपोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में टीएमसी कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए इकट्ठा हुए थे। इसी दौरान वहां बीजेपी कार्यकर्ता भी पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच पहले जुबानी जंग शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक मारपीट में बदल गई।

देखिए इस घटना का वीडियो


अंडे फेंकने और हथियार लहराने का आरोप

इस पूरे मामले को लेकर अभिषेक बनर्जी के समर्थकों और टीएमसी कार्यकर्ताओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। टीएमसी समर्थकों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपने नेता का स्वागत करने के लिए एयरपोर्ट पर खड़े थे। तभी वहां बीजेपी का एक स्थानीय नेता अपने साथ कुछ लड़कों को लेकर पहुंच गया। आरोप है कि इन लड़कों के हाथों में अंडे थे और वे अभिषेक बनर्जी पर अंडे फेंकने की साजिश रच रहे थे।

टीएमसी कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि जब उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं से इस तरह की हरकत न करने की गुजारिश की, तो वे बदसलूकी पर उतर आए। टीएमसी समर्थकों ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि मौके पर मौजूद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) से जब इन लोगों को हटाने के लिए कहा गया, तो बीजेपी से जुड़े कुछ लोगों ने एयरपोर्ट परिसर के भीतर ही हथियार निकाल लिए। टीएमसी का सवाल है कि एयरपोर्ट जैसे बेहद सुरक्षित और संवेदनशील इलाके में सुरक्षा ऑथोरिटी की मौजूदगी के बावजूद कोई बाहरी व्यक्ति हथियार कैसे लहरा सकता है?

दिल्ली क्यों गए थे अभिषेक बनर्जी?

कोलकाता एयरपोर्ट पर हुई इस भिड़ंत के तार सीधे तौर पर टीएमसी के भीतर मची बड़ी सियासी हलचल से जुड़े हुए हैं। दरअसल, हाल के दिनों में तृणमूल कांग्रेस के भीतर एक बड़ी बगावत की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे पार्टी में फूट पड़ने का खतरा मंडरा रहा है। इसी सिलसिले में अभिषेक बनर्जी दिल्ली गए हुए थे, जहां उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष (स्पीकर) ओम बिरला से मुलाकात की।

अभिषेक बनर्जी ने दिल्ली में स्पीकर से मिलकर मांग की है कि जो भी सांसद अपनी मूल पार्टी (TMC) के खिलाफ जाकर अलग गुट बनाने या दूसरी पार्टी में शामिल होने की कोशिश कर रहे हैं, दलबदल कानून के तहत उनकी लोकसभा सदस्यता को तुरंत रद्द किया जाए। बताया जा रहा है कि अभिषेक बनर्जी ने अपनी ही पार्टी के करीब 20 बागी सांसदों के खिलाफ स्पीकर से लिखित शिकायत दर्ज कराई है। दिल्ली से इसी शिकायत की कार्रवाई पूरी कर जैसे ही अभिषेक कोलकाता लौटे, एयरपोर्ट जंग का मैदान बन गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों गुटों को अलग कर हालात पर काबू पाया।

Read More
Next Story