पहले सिर पर वार, फिर सीढ़ियों से घसीटा और अंत में हत्या, IRS अफसर की बेटी की हत्या का सच
x

पहले सिर पर वार, फिर सीढ़ियों से घसीटा और अंत में हत्या, IRS अफसर की बेटी की हत्या का सच

दिल्ली में एक IRS अधिकारी की 22 वर्षीय IITian बेटी की उसके पूर्व घरेलू सहायक राहुल मीणा ने बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले टेबल लैंप से हमला कर युवती को बेहोश किया, फिर उसके साथ रेप किया।


देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर एक नृशंस हत्याकांड से दहल उठी है। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में एक भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी के साथ हुई दरिंदगी की जांच में पुलिस ने ऐसे खुलासे किए हैं, जिन्हें सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। आरोपी राहुल मीणा ने न केवल युवती के साथ बलात्कार किया, बल्कि बेरहमी से उसकी हत्या कर घर में रखी नकदी भी लूट ली।

वारदात का खौफनाक मंजर

मृतका, जो एक मेधावी IITian थी और सिविल सेवा परीक्षा (UPSC) की तैयारी कर रही थी, वारदात के समय अपने घर की चौथी मंजिल पर स्थित कमरे में पढ़ाई कर रही थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी राहुल मीणा सुबह करीब 6:29 बजे घर में दाखिल हुआ। युवती ने उसे देखते ही शोर मचाया, जिसके बाद राहुल ने उसे चुप कराने की कोशिश की। जब छात्रा ने विरोध किया, तो राहुल ने कमरे में रखे टेबल लैंप और पानी की बोतल से उसके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले के कारण युवती बेहोश हो गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने युवती के बेहोश होने के बाद उसके साथ बलात्कार किया। दरिंदगी यहीं नहीं रुकी आरोपी ने युवती को उसके बालों से घसीटते हुए चौथी मंजिल से तीसरी मंजिल पर लाया।

लूट के लिए डिजिटल लॉकर खोलने की कोशिश

राहुल का मुख्य मकसद लूटपाट भी था। उसने युवती के फिंगरप्रिंट का इस्तेमाल कर घर का डिजिटल लॉकर खोलने की कोशिश की। जब वह इसमें नाकाम रहा, तो उसने पेचकस (Screwdriver) का इस्तेमाल कर तिजोरी को तोड़ दिया और वहां रखे 2.5 लाख रुपये नकद चुरा लिए।

शू-रैक में रखी चाबी ने दी एंट्री

जांचकर्ताओं ने पाया कि जिस समय यह घटना हुई, युवती के माता-पिता जिम गए हुए थे। उन्होंने घर के मुख्य दरवाजे की चाबी (की-कार्ड) बाहर रखे एक शू-रैक में छिपा दी थी ताकि घर की नौकरानी अंदर आ सके। आरोपी राहुल, जो पहले इसी घर में काम कर चुका था, को इस गुप्त जगह के बारे में पता था। इसी चाबी का फायदा उठाकर वह घर के अंदर दाखिल हुआ।

पहचान छिपाने की कोशिश और हत्या

वारदात के दौरान आरोपी की पैंट पर खून के धब्बे लग गए थे। उसने युवती के भाई की अलमारी से दूसरी पैंट निकालकर पहनी। घर में सीसीटीवी कैमरे लगे थे, लेकिन बदकिस्मती से वे काम नहीं कर रहे थे। नकदी लूटने के बाद, अपनी पहचान उजागर होने के डर से राहुल ने फोन चार्जिंग कॉर्ड (तार) से युवती का गला घोंट दिया। वह अपने साथ 2.5 लाख रुपये और युवती का आईफोन लेकर फरार हो गया।

फरार होने का ड्रामा और गिरफ्तारी

आरोपी घर से बाहर निकलते समय फोन पर बात करने का नाटक कर रहा था ताकि किसी को शक न हो। वह पास के एक पार्क में गया, वहां युवती का फोन फेंक दिया और टैक्सी लेकर पालम रेलवे स्टेशन पहुँचा। हालांकि, उसकी ट्रेन छूट गई, जो उसके लिए महंगी साबित हुई। वहां से वह ऑटो लेकर द्वारका के एक होटल पहुँचा। उसने वहां ठहरने के लिए 2,500 रुपये दिए और अपनी पहचान के तौर पर अपना आधार कार्ड जमा कराया। ट्रेन छूटने और होटल में अपना पहचान पत्र देने की वजह से पुलिस को उसका सुराग मिल गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

Read More
Next Story