
शीशमहल-2 विवाद में आतिशी-संजय की खुली चुनौती, तस्वीरों पर मचा कोहराम!
दिल्ली में 'बंगला पॉलिटिक्स' पर छिड़ा घमासान अब कानूनी लड़ाई की ओर मुड़ गया। आम आदमी पार्टी ने BJP के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए सियासी साजिश करार दिया है...
दिल्ली की सियासत में एक बार फिर मर्यादाएं टूटती नजर आ रही हैं। भारतीय जनता पार्टी द्वारा अरविंद केजरीवाल के नए आवास को 'शीशमहल 2' बताने और उसकी कथित आलीशान तस्वीरें जारी करने के बाद, आम आदमी पार्टी (AAP) ने फ्रंटफुट पर आकर पलटवार किया है। 'आप' ने न केवल इन तस्वीरों को पूरी तरह से मनगढ़ंत और फर्जी बताया है बल्कि बीजेपी नेताओं और इन तस्वीरों को प्रसारित करने वाले मीडिया चैनलों को कानूनी अंजाम भुगतने की चुनौती भी दी है।
"तस्वीरें फर्जी, कोर्ट में होगी मुलाकात" - संजय सिंह
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने बीजेपी नेता प्रवेश वर्मा के दावों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दो-टूक कहा, "प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल के घर के नाम पर जो भी तस्वीरें सार्वजनिक की हैं, वे पूरी तरह से फर्जी और आधारहीन हैं। जो भी टीवी चैनल बिना जांच-पड़ताल के इन झूठी तस्वीरों को दिखा रहे हैं, वे और प्रवेश वर्मा मानहानि के मुकदमे के लिए तैयार रहें।" पार्टी का मानना है कि बीजेपी असल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रही है।
परवेश वर्मा द्वारा @ArvindKejriwal जी के घर की जो तस्वीर जारी की गई है, वो तरह फर्जी है।परवेश वर्मा और उनके द्वारा जारी तस्वीरों को दिखाने वाले TV चैनल मानहानि का केस झेलने को तैयार रहें।— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) April 25, 2026
आतिशी की 'ओपन चैलेंज': "सब अपने घर खोलें, जनता करेगी फैसला"
दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने इस विवाद में एक नया मोड़ लाते हुए 'ओपन चैलेंज' दे दिया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की दिखाई गई एक भी तस्वीर केजरीवाल के घर की नहीं है। आतिशी ने चुनौती देते हुए कहा, "अगर बीजेपी को सादगी और विलासिता की इतनी ही चिंता है तो रेखा गुप्ता जी और उपराज्यपाल (LG) साहब अपना-अपना सरकारी आवास जनता के लिए खोल दें। उधर केजरीवाल जी भी अपना घर खोल देंगे। दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा कि कौन आलीशान तरीके से रह रहा है और कौन नहीं। जनता खुद सच्चाई तय कर लेगी।"
प्रवेश वर्मा का करारा तंज: "आम नहीं, अब यह 'आलीशान आदमी पार्टी' है"
इससे पहले, शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बीजेपी नेता प्रवेश वर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर चौतरफा हमला किया था। उन्होंने केजरीवाल को 'दिल्ली का रहमान डकैत' तक कह डाला। वर्मा ने कहा कि जो व्यक्ति अन्ना आंदोलन के वक्त एक रुपये के स्टाम्प पेपर पर लिखकर देता था कि वह बंगला और गाड़ी नहीं लेगा, वह आज नवाबों जैसे शौक पाल रहा है।
वर्मा ने आरोप लगाया कि लोधी एस्टेट स्थित 95 नंबर का यह नया आवास किसी सामान्य घर जैसा नहीं बल्कि किसी सात सितारा होटल के सुइट जैसा भव्य है। उन्होंने कटाक्ष किया, "आजाद भारत के इतिहास में अगर सबसे खर्चीले शौक वाला कोई नेता पैदा हुआ है तो वह अरविंद केजरीवाल हैं। इनकी पार्टी का नाम 'आम आदमी पार्टी' नहीं बल्कि 'आलीशान आदमी पार्टी' होना चाहिए।"
सियासत के केंद्र में 95, लोधी एस्टेट
बीजेपी का आरोप है कि केजरीवाल वर्षों तक अदालतों के चक्कर काटकर सरकारी घर मांगते रहे और अब जब उन्हें यह बंगला मिला है, तो इसकी भव्यता दिल्ली की जनता को चिढ़ा रही है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने महात्मा गांधी, भगत सिंह और बाबासाहेब अंबेडकर जैसी महान विभूतियों की तस्वीरों का सहारा लेकर जनता को गुमराह किया और अब राजा-महाराजाओं जैसा जीवन जी रहे हैं।
फिलहाल, आम आदमी पार्टी की ओर से घर खोलने की चुनौती और मानहानि के मुकदमे की चेतावनी के बाद यह विवाद थमने के बजाय और गहराता दिख रहा है। दिल्ली की जनता अब यह देख रही है कि क्या वाकई बीजेपी के पास इन तस्वीरों का कोई ठोस प्रमाण है या यह महज़ चुनावी साल की एक और 'फोटो पॉलिटिक्स' है।

