धुएं में घुटी सांसें, निकल न सके लोग, दिल्ली के पालम में बड़ा हादसा
x

धुएं में घुटी सांसें, निकल न सके लोग, दिल्ली के पालम में बड़ा हादसा

दिल्ली के पालम इलाके में बहुमंजिला इमारत में भीषण आग से 9 लोगों की मौत, 3 बच्चियां शामिल। नीचे दुकान, ऊपर घर एक ही रास्ता होने से लोग फंसे रह गए।


दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला अग्निकांड हुआ, जिसमें 9 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में 3 मासूम बच्चियां भी शामिल हैं, जिनकी उम्र 12, 6 और 5 साल बताई गई है। यह हादसा पालम मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक बहुमंजिला इमारत में हुआ, जहां नीचे कपड़ों और कॉस्मेटिक की दुकानें थीं और ऊपर एक परिवार रहता था। सुबह करीब 7 बजे अचानक लगी आग ने देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।

आग कितनी भीषण रही होगी इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दो लोग अपनी जान बचाने के लिए इमारत से कूदने को मजबूर हो गए। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गहरा दुख जताया और मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं।

दिल्ली अग्निशमन सेवा को सुबह करीब 7 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की 30 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल अधिकारियों के मुताबिक कई लोगों को इमारत से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि 3 अन्य घायल हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

दमकल विभाग के अनुसार, इमारत में बेसमेंट सहित कुल पांच मंजिलें थीं और छत पर टीन का अस्थायी शेड बना हुआ था। बेसमेंट, ग्राउंड और पहली मंजिल पर दुकानें और स्टोर थे, जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल पर परिवार रह रहा था। आग नीचे लगी और तेजी से ऊपर की ओर फैल गई। नीचे आग की तेज लपटें और ऊपर घना धुआं भर जाने के कारण लोगों के पास बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा।

अधिकारियों ने बताया कि इमारत में आने-जाने के लिए केवल एक ही रास्ता था, जो हादसे के दौरान पूरी तरह बाधित हो गया। यही वजह रही कि कई लोग अंदर ही फंस गए और बाहर नहीं निकल सके।मृतकों की पहचान प्रवेश (33), कमल (39), अनिल (32), आशू (35), दीपिका (28), लाडो (70) और हिमांशी (22) के रूप में हुई है। यह परिवार पालम गांव का मूल निवासी था और लंबे समय से कॉस्मेटिक कारोबार से जुड़ा हुआ था। हादसे में 3 बच्चियों की भी मौत हुई, जबकि एक दो साल की बच्ची का अस्पताल में इलाज जारी है।

Read More
Next Story