पंजाब में ED का बड़ा एक्शन, AAP मंत्री संजीव अरोड़ा गिरफ्तार
x

पंजाब में ED का बड़ा एक्शन, AAP मंत्री संजीव अरोड़ा गिरफ्तार

पंजाब में भगवंत मान सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा को प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार कर लिया


पंजाब की भगवंत मान सरकार को शनिवार को बड़ा झटका लगा, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने राज्य के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई कथित 100 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी जीएसटी खरीद बिल और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है। शनिवार सुबह शुरू हुई ईडी की छापेमारी करीब सात घंटे तक चली, जिसके बाद संजीव अरोड़ा को चंडीगढ़ स्थित उनके सरकारी आवास से गिरफ्तार किया गया। उनके बेटे की गिरफ्तारी की भी सूचना सामने आई है, हालांकि इस पर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

कई ठिकानों पर ईडी की छापेमारी

ईडी ने शनिवार सुबह चंडीगढ़ समेत कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। अधिकारियों के मुताबिक कुल पांच परिसरों में तलाशी अभियान चलाया गया। इनमें चंडीगढ़ स्थित संजीव अरोड़ा का सरकारी आवास भी शामिल था।इसके अलावा दिल्ली और हरियाणा के गुरुग्राम में भी ईडी की टीमों ने कार्रवाई की। छापेमारी जिन परिसरों में हुई, उनमें ‘हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड’ नामक कंपनी का दफ्तर भी शामिल है।

अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की आपराधिक धाराओं के तहत नया मामला दर्ज किया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

यह पहला मौका नहीं है जब ईडी ने संजीव अरोड़ा से जुड़े परिसरों पर छापा मारा हो। इससे पहले अप्रैल महीने में भी एजेंसी ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत अरोड़ा और उनसे जुड़ी कंपनियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी।62 वर्षीय संजीव अरोड़ा लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट से विधायक हैं और पंजाब सरकार में उद्योग मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

संजीव अरोड़ा के खिलाफ ईडी की कार्रवाई के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार राजनीतिक उद्देश्यों को पूरा करने के लिए ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल “हथियार” के तौर पर कर रही है।

संगरूर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भगवंत मान ने कहा कि ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग भाजपा के पास मौजूद “चार-पांच बड़े हथियार” हैं, जिनका पूरी तरह राजनीतिकरण कर दिया गया है।मुख्यमंत्री ने कहा, “वे लंबे समय से अपनी राजनीति चमकाने के लिए इन एजेंसियों का इस्तेमाल कर रहे हैं। चाहे महाराष्ट्र हो, ओडिशा, बिहार, कर्नाटक या पश्चिम बंगाल — अब पंजाब भी उनके निशाने पर है।”

AAP नेताओं की बढ़ी मुश्किलें

संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब आम आदमी पार्टी पहले से ही कई केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर हमलावर रही है। इससे पहले दिल्ली में भी पार्टी के कई बड़े नेताओं पर ईडी और सीबीआई की कार्रवाई हो चुकी है।अब पंजाब में कैबिनेट मंत्री की गिरफ्तारी ने राज्य की राजनीति को गर्मा दिया है। विपक्ष इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बता रहा है, जबकि आम आदमी पार्टी इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार दे रही है।

Read More
Next Story