
157 करोड़ GST घोटाले में AAP मंत्री संजीव अरोड़ा गिरफ्तार,AAP-BJP में सियासी जंग तेज
ED ने पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा को 157 करोड़ GST घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी पर आप और बीजेपी आमने सामने हैं।
पंजाब की राजनीति में शनिवार को बड़ा भूचाल आ गया, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया। चंडीगढ़ स्थित उनके सरकारी आवास पर करीब सात घंटे तक चली छापेमारी के बाद ED उन्हें अपने साथ ले गई। शनिवार सुबह ED की टीम ने एक साथ चंडीगढ़, दिल्ली और गुरुग्राम में कई ठिकानों पर छापेमारी की। चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित मंत्री अरोड़ा के सरकारी आवास पर ED की करीब 15 गाड़ियां पहुंचीं और पूरे परिसर को घेर लिया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के लिए CRPF जवानों को भी तैनात किया गया।
ED के अनुसार, संजीव अरोड़ा और उनसे जुड़ी कंपनियों पर 157 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी GST खरीद बिल और मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है। जांच एजेंसी का दावा है कि उनकी कंपनियों ने शेल कंपनियों के जरिए फर्जी एक्सपोर्ट दिखाकर अवैध तरीके से धन का लेन-देन किया।
157 करोड़ के फर्जी GST घोटाले का आरोप
जांच एजेंसी के मुताबिक, अरोड़ा की कंपनियों ने मोबाइल फोन कारोबार में 157.12 करोड़ रुपये से अधिक की फर्जी खरीद दिखाई और इसके जरिए इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) हासिल किया।ED का आरोप है कि दिल्ली की गैर-मौजूद कंपनियों से फर्जी GST बिल तैयार कराए गए, ताकि फर्जी एक्सपोर्ट दिखाकर GST रिफंड और ड्यूटी ड्रॉबैक का लाभ लिया जा सके।
एजेंसी का कहना है कि इस प्रक्रिया के जरिए दुबई से भारत में अवैध धन की “राउंड-ट्रिपिंग” की गई, जिससे सरकारी खजाने को बड़ा नुकसान पहुंचा।
तीसरी बार ED की रेड
संजीव अरोड़ा पर इस साल तीसरी बार ED की कार्रवाई हुई है, जबकि एक महीने के भीतर यह दूसरी रेड है। ED सूत्रों के मुताबिक, इस बार चार ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिनमें अरोड़ा का सरकारी आवास और Hampton Sky Realty Limited का कार्यालय भी शामिल है।करीब 20 दिन पहले भी ED ने लुधियाना और जालंधर में अरोड़ा और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी।
सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप
ED अधिकारियों के अनुसार, संजीव अरोड़ा पर पंजाब में अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क को राजनीतिक संरक्षण देने का भी संदेह है। जांच एजेंसी का आरोप है कि वह अपनी कंपनियों और एंट्री ऑपरेटरों के जरिए सट्टेबाजों के बेहिसाब पैसे को वैध निवेश में बदलने का काम कर रहे थे।इसके अलावा, फर्जी निर्यात बिल, UAE से फंड की राउंड-ट्रिपिंग और गैर-मौजूद GST फर्मों से फर्जी खरीद दिखाने के मामलों में भी उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
AAP का केंद्र सरकार पर हमला
ED की कार्रवाई के तुरंत बाद अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी दलों को तोड़ने के लिए कर रही है।केजरीवाल ने कहा, “ED को मनी लॉन्ड्रिंग पकड़ने के लिए नहीं, बल्कि राजनीतिक दलों को कमजोर करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।”
भगवंत मान का तीखा बयान
वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला।मान ने कहा, “पंजाब की तरफ आंख उठाकर मत देखना, पंजाबी आंखें निकाल देंगे। ED रेड का मकसद ब्लैक मनी पकड़ना नहीं बल्कि भाजपा जॉइन कराना है।”उन्होंने दावा किया कि हाल ही में उद्योगपति अशोक मित्तल के यहां भी ED की कार्रवाई हुई थी और कुछ दिनों बाद उन्होंने भाजपा जॉइन कर ली।मुख्यमंत्री ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा, “BJP का असली मतलब भारत जलाओ पार्टी है। पंजाब ने पहले भी कृषि कानूनों के मुद्दे पर केंद्र सरकार को झुकाया था।”
पंजाब की राजनीति में बढ़ा तनाव
संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद पंजाब की राजनीति गरमा गई है। आम आदमी पार्टी इसे राजनीतिक प्रतिशोध बता रही है, जबकि ED का कहना है कि कार्रवाई आर्थिक अपराध और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े ठोस सबूतों के आधार पर की गई है।अब सबकी नजर इस बात पर है कि जांच में आगे क्या खुलासे होते हैं और पंजाब की राजनीति पर इसका क्या असर पड़ता है।
बीजेपी ने साधा निशाना
AAP ने पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत के साथ विश्वासघात किया है। AAP से नाता तोड़ने वाले 7 सांसदों ने पार्टी छोड़ते समय कहा था कि यह पार्टी पूरी तरह से भ्रष्ट और समझौता करने वाले लोगों के हाथों में फंसी हुई है। जब भी हमने पार्टी के भीतर ऐसे मुद्दे उठाने की कोशिश की, तो हमें चुप करा दिया गया। लेकिन एजेंसियों की छापेमारी के बाद जो बातें सामने आ रही हैं, वे चौंकाने वाली हैं... एजेंसियां तो कार्रवाई करेंगी ही, लेकिन असली कार्रवाई पंजाब की जनता अगले विधानसभा चुनावों में करेगी..."

