दिल्ली में ED का बड़ा एक्शन, AAP नेता दीपक सिंगला गिरफ्तार
x
दीपक सिंगला, आम आदमी पार्टी के कद्दावर नेता हैं।

दिल्ली में ED का बड़ा एक्शन, AAP नेता दीपक सिंगला गिरफ्तार

प्रवर्तन निदेशालय ने बैंक धोखाधड़ी और 180 करोड़ रुपये की हेराफेरी मामले में AAP नेताओं दीपक सिंगला और राम सिंह के ठिकानों पर छापेमारी की थी।


प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े दीपक सिंगला को गिरफ्तार कर लिया है। दीपक सिंगला के साथ राम सिंह और कुछ कारोबारियों के घरों एवं दफ्तरों पर छापेमारी की कार्रवाई हुई थी।यह कार्रवाई दिल्ली और गोवा से जुड़े बैंक धोखाधड़ी तथा वित्तीय अनियमितताओं के मामलों में की गई।ईडी ने दीपक सिंगला के घर पर बैंक धोखाधड़ी मामले में तलाशी अभियान चलाया। वहीं, राम सिंह के दिल्ली स्थित सुभाष नगर आवास और अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी की गई। उन पर जनता को कथित तौर पर धोखा देकर करीब 180 करोड़ रुपये की हेराफेरी करने का आरोप है।

कौन हैं दीपक सिंगला?

दीपक सिंगला आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा उम्मीदवार रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में विश्वास नगर सीट से चुनाव लड़ा था।पार्टी संगठन में भी उनकी अहम भूमिका रही है। वे गोवा में AAP के प्रभारी और एमसीडी के सह-प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद संभाल चुके हैं। इसके अलावा संगठन विस्तार और रणनीतिक गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी मानी जाती है। दिल्ली के स्थानीय राजनीतिक मुद्दों पर भी वे अक्सर पार्टी का पक्ष रखते नजर आते रहे हैं।

2024 में भी हुई थी ईडी की कार्रवाई

यह पहला मौका नहीं है जब दीपक सिंगला ईडी की जांच के दायरे में आए हों। इससे पहले 27 मार्च 2024 को भी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के सिलसिले में उनके मधु विहार स्थित आवास और अन्य ठिकानों पर ईडी ने छापेमारी की थी। उस समय यह कार्रवाई दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद हुई थी।

राम सिंह कौन हैं?

राम सिंह दिल्ली की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय नेता माने जाते हैं। वे आम आदमी पार्टी से जुड़े होने के साथ-साथ बाबाजी फाइनेंस ग्रुप के मालिक भी हैं।उन्होंने दिल्ली के बदरपुर विधानसभा क्षेत्र से कई बार चुनाव लड़ा है। राजनीति में आने से पहले वे कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी (BSP) से भी जुड़े रहे थे। वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने आम आदमी पार्टी का दामन थामा था।राम सिंह दिल्ली विधानसभा के दूसरे और चौथे कार्यकाल में विधायक भी रह चुके हैं। बदरपुर इलाके में उन्हें एक प्रभावशाली गुर्जर नेता के तौर पर देखा जाता है।

सबसे अमीर उम्मीदवारों में रही पहचान

दिल्ली विधानसभा चुनावों के दौरान राम सिंह अक्सर सबसे अमीर उम्मीदवारों की सूची में शामिल रहे हैं। चुनावी हलफनामों के अनुसार उनकी संपत्ति करोड़ों रुपये में बताई जाती रही है।फिलहाल ईडी की कार्रवाई को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है और मामले की जांच जारी है।

Read More
Next Story