गाजियाबाद के पैसिफिक मॉल में आग, समय रहते बड़ा हादसा टला
x

गाजियाबाद के पैसिफिक मॉल में आग, समय रहते बड़ा हादसा टला

गाजियाबाद के पैसिफिक मॉल के सिनेमाघर में आग लगने से हड़कंप मच गया। फायर सेफ्टी सिस्टम और दमकल की मदद से बड़ा हादसा टल गया।


दिल्ली से सटे गाजियाबाद (Ghaziabad) में लगातार आग लगने की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं। गुरुवार सुबह शहर के कौशांबी बस स्टैंड के पास स्थित Pacific Mall में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मॉल के सिनेमाघर के प्रोजेक्टर रूम में अचानक आग लग गई। आग लगते ही पूरे परिसर में धुआं फैल गया, जिसके बाद मॉल प्रशासन और दमकल विभाग तुरंत हरकत में आ गए।

सुबह-सुबह मचा हड़कंप

घटना सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। उस वक्त मॉल बंद था और अंदर मुख्य रूप से सुरक्षाकर्मी व स्टाफ मौजूद थे। ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड्स ने सबसे पहले मॉल के अंदर से धुआं निकलता देखा। इसके बाद तुरंत मॉल प्रबंधन और कोतवाली फायर स्टेशन को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। हालांकि, शुरुआती स्तर पर ही मॉल के फायर सेफ्टी सिस्टम ने काम करना शुरू कर दिया, जिससे आग को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया।

फायर सेफ्टी सिस्टम ने टाला बड़ा हादसा

मॉल प्रशासन की तत्परता और फायर सेफ्टी सिस्टम की मदद से आग दूसरे हिस्सों तक फैलने से पहले ही काबू में आ गई। बताया जा रहा है कि आग मुख्य रूप से सिनेमाघर के प्रोजेक्टर रूम तक सीमित रही।गनीमत यह रही कि घटना सुबह के समय हुई, जब मॉल और सिनेमाघर में आम लोगों की मौजूदगी नहीं थी। यदि आग दिन के व्यस्त समय में लगती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

तकनीकी खराबी की आशंका

फायर विभाग की शुरुआती जांच में आग लगने की वजह तकनीकी खराबी मानी जा रही है। फिलहाल दमकल विभाग और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

एक दिन पहले भी लगी थी फैक्ट्री में आग

गाजियाबाद में बुधवार को भी आग लगने की एक बड़ी घटना सामने आई थी। जीटी रोड स्थित बुलंदशहर इंडस्ट्रियल एरिया की एक इंक फैक्ट्री में अचानक आग लग गई थी। फैक्ट्री से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने फायर विभाग को सूचना दी, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने शहर में औद्योगिक और व्यावसायिक इमारतों की फायर सेफ्टी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Read More
Next Story