दिल्ली के मुकुंदपुर में सिलेंडर धमाके से ढहा मकान, छह लोग बचाए गए
x

दिल्ली के मुकुंदपुर में सिलेंडर धमाके से ढहा मकान, छह लोग बचाए गए

दिल्ली के मुकुंदपुर में एलपीजी सिलेंडर फटने से एक मंजिला मकान ढह गया। मलबे से छह लोगों को निकाला गया, सभी को अस्पताल भेजा गया है।


राजधानी दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट होने से एक मकान भरभराकर ढह गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा भलस्वा डेरी के पास स्थित मुकुंदपुर-II के ईशु विहार, गली नंबर-1 में हुआ। दिल्ली फायर सर्विस को सुबह 9:37 बजे एक धमाके और मकान गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पांच दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया।दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, एलपीजी सिलेंडर फटने के कारण लगभग 250 वर्ग गज में बना एक मंजिला मकान पूरी तरह ढह गया। हादसे के समय मकान में कई लोग मौजूद थे, जिसके चलते कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई थी।

छह लोगों को सुरक्षित निकाला गया

राहत और बचाव अभियान के दौरान अब तक छह लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि सभी घायलों को उपचार के लिए बीएसए अस्पताल भेजा गया है।

मजदूर परिवार रहते थे मकान में

स्थानीय लोगों के मुताबिक, ढहे हुए मकान में मजदूर वर्ग के कई परिवार किराये पर रहते थे। हादसे के बाद मलबा हटाने का काम लगातार जारी है। हालांकि, शुरुआती जांच में किसी अन्य व्यक्ति के मलबे में फंसे होने की संभावना कम बताई जा रही है, फिर भी बचाव दल पूरी सतर्कता के साथ तलाशी अभियान चला रहा है।

जांच में जुटी एजेंसियां

दमकल विभाग, पुलिस और अन्य आपातकालीन एजेंसियां घटना के कारणों की जांच कर रही हैं। फिलहाल प्राथमिक जांच में सिलेंडर विस्फोट को हादसे की वजह माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मलबा हटाने और स्थिति का पूरी तरह आकलन करने के बाद ही विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।फिलहाल इलाके में राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Read More
Next Story