लखीमपुर खीरी में मौत बनकर दौड़ा ट्रक, 8 मजदूरों की दर्दनाक मौत
x

लखीमपुर खीरी में मौत बनकर दौड़ा ट्रक, 8 मजदूरों की दर्दनाक मौत

यूपी के लखीमपुर खीरी में तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूरों से भरी मैजिक वैन को टक्कर मार दी। हादसे में 8 लोगों की मौत, 4 घायल हुए।


उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बहराइच रोड पर ऊंच गांव के पास सवारियों से भरी एक तेज रफ्तार मैजिक वैन ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही करीब 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, मैजिक वैन में कुल 12 लोग सवार थे, जिनमें 8 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल थीं। सभी मजदूरी का काम करते थे और काम के सिलसिले में लखीमपुर खीरी जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वहीं, मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

मैजिक वैन के उड़ गए परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा बेहद भयावह था। टक्कर के बाद मैजिक वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य में जुटकर वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की।फिलहाल पुलिस टीम क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराने में लगी हुई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक

योगी आदित्यनाथ ने इस दुखद सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। साथ ही, हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की है।

Read More
Next Story