
लखनऊ अग्निकांड में 15 की मौत, मौके पर पहुंची FSL टीम
लखनऊ अग्निकांड मामले में यूपी सरकार ने चार अधिकारियों को निलंबित किया है। इसके अलावा तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। ताजा जानकारी के लिए बने रहिए द फेडरल देश के साथ।
Lucknow Aliganj Fire News: लखनऊ अग्निकांड मामले में यूपी सरकार ने चार अधिकारियों को निलंबित किया है। इसके अलावा तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। ताजा जानकारी के लिए बने रहिए द फेडरल देश के साथ।
Live Updates
- 23 Jun 2026 1:01 PM IST
लखनऊ अग्निकांड मामले में FSL (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) और SIT (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) की एक संयुक्त टीम ने उस जगह का निरीक्षण किया, जहां कल लगी भीषण आग में 15 लोगों की मौत हो गई थी।
- 23 Jun 2026 11:06 AM IST
लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने जांच तेज कर दी है। जांच टीम घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही है और अहम सबूत जुटा रही है। एसआईटी का मुख्य फोकस आग लगने के कारणों, भवन में मौजूद सुरक्षा व्यवस्थाओं और संभावित लापरवाही की जांच पर है। साथ ही हादसे के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की दिशा में भी जांच आगे बढ़ रही है। मामले की व्यापक जांच के लिए एसआईटी ने संबंधित विभागों से रिपोर्ट तलब की है और दस्तावेजों की समीक्षा शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- 23 Jun 2026 9:12 AM IST
लखनऊ के भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वाले रहमान अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके भाई मोहम्मद हाजिम सिद्दीकी ने बताया कि हादसे की सूचना उन्हें रात करीब आठ बजे मिली। रहमान की कुछ महीने पहले ही नौकरी लगी थी और वह पढ़ाई के साथ-साथ काम भी कर रहे थे। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी, क्योंकि उनके पिता दिव्यांग हैं और मां शिक्षिका हैं। साथ ही बहन की शादी की जिम्मेदारी भी रहमान ही निभा रहे थे। हाजिम ने कहा कि इस हादसे की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और पीड़ित परिवारों को पर्याप्त मुआवजा दिया जाना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बुलडोजर एक्शन की भी मांग की है।
- 23 Jun 2026 7:46 AM IST
राजधानी लखनऊ में कोचिंग संस्थान से जुड़े हालिया हादसे के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने शहर के प्रमुख कोचिंग हब काकादेव में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है। विशेष अभियान के दौरान केडीए की टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 22 कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया। कार्रवाई की जद में कई बड़े और चर्चित संस्थान भी आए, जिनमें फिजिक्स वाला का नाम भी शामिल है।
- 23 Jun 2026 6:38 AM IST
लखनऊ अग्निकांड मामले में यूपी राज्य सरकार ने एक एसीएस और एक एडीजी की दो सदस्यीय जांच टीम बनाई है, जिसे सात दिन के अंदर हादसे की जांच रिपोर्ट सीएम योगी आदित्यनाथ को सौंपनी है।
- 23 Jun 2026 6:35 AM IST
लखनऊ अग्निकांड में चार अधिकारियों के निलंबन के साथ ही तीन आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई है। रामकृष्ण उपाध्याय, उम्र 43 वर्ष पता MM 232 सेक्टर- D अलीगंज शिव मंदिर के पास, वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला , उम्र 62 वर्ष, पुत्र रामेश्वर प्रसाद शुक्ला पता 536/265 A मदेयगंज नियर बड़ा दुर्गा मंदिर सीतापुर रोड लखनऊ उम्र 62 वर्ष, तूशॉक कृष्णा जायसवाल पुत्र स्वर्गीय कृष्ण कुमार जायसवाल , उम्र 31 वर्ष, पता 441 R N/ 69/ 3 नीलकंठ हॉस्पिटल लेन बालागंज लखनऊ थाना ठाकुरगंज को गिरफ्तार किया गया ।
- 23 Jun 2026 6:31 AM IST
लखनऊ अग्निकांड में यूपी सरकार ने कार्रवाई करते हुए चार अधिकारियों को निलंबित किया है।
गौरव कुमार, एक्सेन कलेक्शन जानकीपुरम
कमलेन्द्र कुमार सिंह, FSSO इंदिरा नगर
अनिल कुमार, AE
प्रमोद पांडे, JE
थाना अलीगंज में दिनांक 22.6.2026 को आग लगने की घटना मे अभियोग 115/2026 धारा 110/105 /125 / 3(5) BNS व 6/10 उत्तर प्रदेश अग्नि शमन सेवा अधिनियम बनाम 6 नामजद अभियुक्त एवं अन्य जिम्मेदार के विरुद्ध पंजीकृत किया गया ।

