दिल्ली के प्रीत विहार में पार्किंग विवाद बना जानलेवा, युवक की गोली मारकर हत्या
x

दिल्ली के प्रीत विहार में पार्किंग विवाद बना जानलेवा, युवक की गोली मारकर हत्या

दिल्ली के प्रीत विहार में पार्किंग विवाद के दौरान युवक को गोली मार दी गई। अस्पताल में उसकी मौत हो गई, आरोपी फरार है और पुलिस जांच में जुटी है।


पूर्वी दिल्ली के Preet Vihar इलाके में सोमवार तड़के एक मामूली पार्किंग विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जब इस झगड़े में 34 वर्षीय पंकज नैयर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।पुलिस के मुताबिक, यह घटना प्रीत विहार के A-144 क्षेत्र में करीब सुबह 2:20 बजे हुई। पुलिस को इस संबंध में दो PCR कॉल प्राप्त हुईं—पहली कॉल 2:22 बजे और दूसरी 2:26 बजे—जिनमें गोली चलने और झगड़े की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां प्रारंभिक जांच में पता चला कि पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।

जानकारी के अनुसार, एक पक्ष में पंकज नैयर और उनके बड़े भाई पारस (43) शामिल थे, जबकि दूसरे पक्ष में स्थानीय निवासी गौरव शर्मा मौजूद था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस इतनी बढ़ गई कि गौरव शर्मा ने कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर गोली चला दी। यह गोली सीधे पंकज नैयर के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।घायल पंकज को तुरंत निर्माण विहार स्थित Malik Radix Health Care अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी गौरव शर्मा अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। इस मामले में प्रीत विहार थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 115(2), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत एफआईआर संख्या 106/2026 दर्ज की गई है।फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Read More
Next Story