
मुलुंड में मेट्रो पिलर गिरा, ऑटो-कार पर टूटा कहर
मुंबई के मुलुंड में मेट्रो पिलर का हिस्सा ऑटो और कार पर गिरा। 3-4 लोग घायल, राहत-बचाव जारी है और सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है।
मुंबई के मुलुंड (पश्चिम) क्षेत्र में शनिवार दोपहर मेट्रो निर्माण के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। एलबीएस रोड पर बन रहे मेट्रो पिलर का सीमेंट का हिस्सा अचानक टूटकर नीचे से गुजर रहे एक ऑटो रिक्शा और कार पर गिर पड़ा। यह घटना जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी के पास हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे की सूचना दोपहर करीब 12:20 बजे मिली। ऑटो में सवार तीन से चार लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, मेट्रो प्राधिकरण के अधिकारी, वार्ड स्टाफ और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया।
पुलिस ने एहतियातन आसपास के इलाके को घेरकर यातायात को डायवर्ट किया और मलबा हटाने का काम शुरू किया। साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। यह भी परखा जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन किया जा रहा था या नहीं।

