
‘संघर्ष मेरी पहचान है’, ऑटो वाली फोटो शेयर कर अखिलेश यादव पर बरसे राजभर
यूपी सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने ऑटो चलाते हुए फोटो शेयर कर अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स पर खुद को संघर्ष से निकला नेता बताया।
ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। इस बार उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ऑटो चलाते हुए अपनी तस्वीर साझा कर सपा अध्यक्ष की राजनीति पर सवाल उठाए।राजभर ने अपनी पोस्ट में खुद को संघर्ष से निकला नेता बताते हुए कहा कि उनकी ऑटो चलाते हुए तस्वीर ही उनका अभिमान, सम्मान और संघर्ष है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के समर्थक सोशल मीडिया पर उनकी इस तस्वीर का मजाक उड़ा रहे हैं और उनकी औकात बताने की कोशिश कर रहे हैं।
ओम प्रकाश राजभर ने लिखा कि अखिलेश यादव चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं, जबकि उन्होंने गरीबी और संघर्ष के बीच अपना जीवन बिताया है। राजभर ने कहा कि उनकी यह तस्वीर उन कठिन परिस्थितियों की गवाही देती है, जिनसे गुजरकर उन्होंने राजनीति में अपनी पहचान बनाई।
कैबिनेट मंत्री ने आगे कहा कि अखिलेश यादव को राजनीति विरासत में मिली, जबकि उन्होंने गांव-गांव घूमकर अति पिछड़ों, दलितों और वंचितों की आवाज उठाई। उन्होंने दावा किया कि जब वह गरीबों के अधिकारों के लिए आंदोलन कर रहे थे और लाठियां खा रहे थे, तब अखिलेश विदेशों में घूम रहे थे।
राजभर ने कहा कि राजनीति उनके लिए केवल सत्ता हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की आवाज बुलंद करने का संघर्ष है। उन्होंने जोर देकर कहा कि 45 डिग्री की गर्मी में गांवों की पगडंडियों पर चलकर जनता का दुख-दर्द सुनना ही उनकी असली राजनीति है।
उन्होंने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि “टेम्पो, रिक्शा, ठेला और खोमचा चलाने वाले लोग” ही समाजवादी पार्टी की साइकिल को पलटेंगे। राजभर ने यह भी आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने राजनीति में आने के लिए अपने पिता का अपमान किया, जबकि वह खुद अपने पिता के आशीर्वाद से राजनीति में आगे बढ़े हैं।
अपने पोस्ट में राजभर ने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा कि जिसने गरीबी, भूख और अपमान को करीब से देखा हो, उसे सोशल मीडिया की हवा से डराया नहीं जा सकता। इससे पहले भी ओमप्रकाश राजभर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के गठबंधन को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साध चुके हैं। उन्होंने तंज कसते हुए अखिलेश यादव को शाहे बेखबर तक कहा था।

