
माखनलाल सरकार के पैर छूकर पीएम मोदी ने लिया आशीर्वाद, कौन हैं ये
पश्चिम बंगाल में BJP सरकार के शपथ समारोह में पीएम मोदी ने 98 वर्षीय माखनलाल सरकार के पैर छूकर उनका सम्मान किया।
पश्चिम बंगाल में भाजपा की पहली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक भावुक और प्रतीकात्मक क्षण चर्चा का विषय बन गया। शनिवार (9 मई) को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने 98 वर्षीय भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।इस मौके पर सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, जबकि पांच अन्य मंत्रियों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।
मंच पर दिखा भावुक पल
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सिलिगुड़ी निवासी भाजपा के वरिष्ठ नेता माखनलाल सरकार को सम्मानित किया। उन्होंने पहले उन्हें गले लगाया और फिर उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद मोदी ने दोबारा उन्हें गले लगाया और कुछ देर बातचीत भी की।प्रधानमंत्री और माखनलाल सरकार के बीच यह भावुक पल वहां मौजूद भाजपा नेताओं और हजारों समर्थकों की तालियों के बीच हुआ।
कौन हैं माखनलाल सरकार?
प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर भी साझा कीं। उन्होंने लिखा, “कोलकाता में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मुझे श्री माखनलाल सरकार जी से मिलने का अवसर मिला। वे एक समर्पित राष्ट्रवादी हैं। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ काम किया और जम्मू-कश्मीर में उनके साथ आंदोलन के दौरान गिरफ्तार भी हुए थे।”
मोदी ने आगे लिखा कि माखनलाल सरकार ने अपना पूरा जीवन भाजपा और संगठन को मजबूत करने में समर्पित किया तथा पश्चिम बंगाल में पार्टी का आधार बढ़ाने के लिए लगातार काम किया।प्रधानमंत्री ने कहा, “भाजपा को गर्व है कि हमारे पास ऐसे प्रेरणादायक व्यक्तित्व हैं, जिन्होंने जनता के बीच काम कर पार्टी को मजबूत किया।”
श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ आंदोलन में हुए थे गिरफ्तार
भाजपा के अनुसार, माखनलाल सरकार 1952 में जम्मू-कश्मीर में भारतीय तिरंगा फहराने के आंदोलन के दौरान जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ मौजूद थे। उसी दौरान उन्हें गिरफ्तार किया गया था।पार्टी ने उन्हें आजादी के बाद भारत में राष्ट्रवादी आंदोलन से जुड़े शुरुआती जमीनी नेताओं में से एक बताया।
बंगाल में संगठन मजबूत करने में निभाई अहम भूमिका
1980 में भाजपा के गठन के बाद माखनलाल सरकार ने पश्चिम बंगाल के तत्कालीन पश्चिम दिनाजपुर, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग जिलों में संगठन समन्वयक के रूप में काम किया।भाजपा के बयान के मुताबिक, 1981 से लगातार सात वर्षों तक वे जिला अध्यक्ष रहे। उस दौर में जब भाजपा नेताओं को आमतौर पर दो साल से अधिक समय तक एक ही संगठनात्मक पद पर नहीं रखा जाता था, तब सात वर्षों तक उनकी भूमिका को असाधारण उपलब्धि माना गया।
“श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को पूरा करेंगे”
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल में पहली भाजपा सरकार के शपथ लेने के मौके पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को याद करना स्वाभाविक है।उन्होंने लिखा, “देश और विशेष रूप से पश्चिम बंगाल के लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके सपनों को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।”
पश्चिम बंगाल में भाजपा की पहली सरकार के गठन के बीच माखनलाल सरकार को सम्मान देने और उनके पैर छूने को भाजपा के पुराने संगठनात्मक संघर्ष और वैचारिक विरासत के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।

