2004 कॉल, 238 घंटे बातचीत और मौत की प्लानिंग, पुणे केस में बड़ा खुलासा
x
सिया गोयल पर अपने मंगेतर केतन अग्रवाल को मारने का आरोप।

2004 कॉल, 238 घंटे बातचीत और मौत की प्लानिंग, पुणे केस में बड़ा खुलासा

पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत के मामले में पुलिस ने मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया। कॉल रिकॉर्ड से साजिश के संकेत मिले।


महाराष्ट्र के पुणे में एक कारोबारी की मौत के मामले में पुलिस जांच ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस का दावा है कि रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर साजिश के तहत की। जांच में सामने आया है कि दोनों पिछले छह महीनों से लगातार संपर्क में थे और इसी दौरान कथित तौर पर हत्या की पूरी योजना बनाई गई।

छह महीने में 2,004 कॉल, 238 घंटे बातचीत

पुणे ग्रामीण पुलिस के अनुसार, सिया गोयल और चेतन चौधरी ने पिछले छह महीनों में एक-दूसरे को 2,004 फोन कॉल किए। दोनों ने कुल मिलाकर लगभग 238 घंटे तक बातचीत की। कई बार उनकी फोन पर बातचीत दो से तीन घंटे तक लगातार चलती थी।पुलिस को संदेह है कि यही लगातार संपर्क हत्या की साजिश का हिस्सा था, जिसका अंत 18 जून को केतन अग्रवाल की मौत के रूप में हुआ।

कैफे में हुई कथित प्लानिंग

जांच में सामने आया है कि घटना वाले दिन सिया और चेतन पहले एक कैफे में मिले थे। वहां दोनों ने केतन को रास्ते से हटाने की कथित योजना पर चर्चा की। पुलिस का कहना है कि इसके बाद दोनों लोहागढ़ किले पहुंचे और वहां ऐसी जगह की पहचान की, जहां से केतन को घाटी में धक्का दिया जा सके।पुलिस के मुताबिक, इसी योजना के तहत केतन अग्रवाल को किले की खाई में धक्का दिया गया।

नवंबर में होनी थी शादी

केतन अग्रवाल और सिया गोयल की फरवरी 2025 में सगाई हुई थी। दोनों की शादी नवंबर में उदयपुर में भव्य समारोह के साथ होनी थी। इसके लिए एक महल भी बुक किया जा चुका था।केतन पुणे जिले के गहुंजे क्षेत्र के रहने वाले थे और अपने परिवार के रियल एस्टेट कारोबार में निदेशक एवं मुख्य विपणन अधिकारी (CMO) के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने उद्यमिता (Entrepreneurship) में एमएस की डिग्री हासिल की थी, जबकि सिया गोयल कॉमर्स ग्रेजुएट हैं।

बाली ट्रिप भी कथित साजिश का हिस्सा?

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि शादी से पहले होने वाले प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए दोनों बाली जाने वाले थे। आरोप है कि 6 जून को मुंबई एयरपोर्ट जाते समय सिया ने केतन का पासपोर्ट चोरी कर लिया और बाद में उसे खालापुर स्थित एक फूड मॉल के महिला शौचालय में फेंक दिया।पुलिस अब उस पासपोर्ट की तलाश में भी जुटी हुई है।

पहले भी हुई थी हत्या की कोशिश

जांच के दौरान केतन के परिवार ने पुलिस को बताया कि सिया कई बार उन्हें लोहागढ़ किले पर जाने के लिए कह चुकी थी।पुलिस के अनुसार, 31 मई को सिया केतन को लोहागढ़ ले गई थी। इसके बाद 4 जून को भी उसने वहां जाने का दबाव बनाया, लेकिन केतन की मां ने अनुमति नहीं दी।

फिर 14 जून को सिया ने एक बार फिर केतन को किले पर चलने के लिए राजी किया। पुलिस का दावा है कि उसी दिन उसने उन्हें खाई में धक्का देने की कोशिश की थी। हालांकि केतन एक झाड़ी पकड़कर बच गए थे।जब केतन ने धक्का दिए जाने पर सवाल उठाया तो सिया ने सांप होने का बहाना बनाकर खुद को बचाने की कोशिश की और यह दिखाया कि वह उन्हें बचा रही थी।

CCTV फुटेज से खुली परतें

पुलिस को मामले में अहम सुराग सीसीटीवी फुटेज से मिले। फुटेज में चेतन चौधरी हूडी पहनकर केतन और सिया का पीछा करता दिखाई दिया।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, लगभग 33 डिग्री सेल्सियस तापमान में हूडी पहनना और उसकी संदिग्ध गतिविधियां जांच का अहम आधार बनीं। इसके बाद कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल डेटा और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की गहन जांच की गई।

आरोपी और परिवार का पक्ष

पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं।हालांकि चेतन के वकील का कहना है कि उनके मुवक्किल को केवल सिया का प्रेमी होने के आधार पर मामले में फंसाया गया है और एफआईआर में उसकी भूमिका स्पष्ट नहीं बताई गई है।वहीं चेतन के पिता बाबूलाल चौधरी ने भी बेटे को निर्दोष बताते हुए दावा किया है कि सिया खुद को बचाने के लिए चेतन को फंसा रही है।

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में दोनों आरोपियों ने केतन अग्रवाल को अपने रिश्ते में बाधा मानते हुए रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस तकनीकी व फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।

Read More
Next Story