उत्तर भारत में मौसम जल्द लेगा यू-टर्न, IMD ने जारी किया बड़ा अलर्ट
x
दिल्ली-एनसीआर समेत पूरा उत्तर भारत भीषण गर्मी की चपेट में है। फोटो सौजन्य- PTI

उत्तर भारत में मौसम जल्द लेगा यू-टर्न, IMD ने जारी किया बड़ा अलर्ट

मौसम विभाग ने दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। अगले 7 दिनों में मौसम बदलने के संकेत हैं।


मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली समेत देश के कई राज्यों के लिए नया मौसम अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी दिल्ली को जल्द ही भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। अगले सात दिनों के दौरान कई इलाकों में आंधी, बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। वहीं मध्य भारत के कई हिस्सों में भीषण लू को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली में अगले 7 दिनों का मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली में रविवार से गुरुवार तक लू का ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा। हालांकि शुक्रवार से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और आंधी के साथ बारिश की संभावना बन रही है। शनिवार और रविवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।25 मई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम का हाल

मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर में 24 और 25 मई के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में 29 मई को और उत्तराखंड में 25 मई को गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 28 और 29 मई को मौसम बदल सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जताया गया है। उत्तर प्रदेश के मेरठ, नोएडा, आगरा, मथुरा, कानपुर, अलीगढ़, प्रयागराज और अयोध्या में 25 मई को बारिश की संभावना है। लखनऊ में 25 मई को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बिहार, बंगाल और ओडिशा में बारिश का अलर्ट

पूर्वी भारत के कई राज्यों में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 24 से 27 मई के बीच गरज और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। झारखंड में 26 से 29 मई के बीच बारिश की संभावना जताई गई है। बिहार में 24, 28 और 29 मई को कई इलाकों में बारिश हो सकती है। ओडिशा में 24 से 27 मई तक हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।

बिहार के पूर्णिया, अररिया, कटिहार, किशनगंज, भागलपुर, मुंगेर और खगड़िया में 25 मई को बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।पटना में 25 मई को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

पश्चिम भारत में भी बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, 24 मई को कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज, बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब से दक्षिण-पश्चिम राजस्थान तक निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा दक्षिण बिहार और आसपास के क्षेत्रों में भी ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसका असर कई राज्यों के मौसम पर देखने को मिल रहा है।

Read More
Next Story