उद्धव गुट में हड़कंप: 6 सांसदों के बाद अब 14 विधायक भी टूट के लिए तैयार!
x

उद्धव गुट में हड़कंप: 6 सांसदों के बाद अब 14 विधायक भी टूट के लिए तैयार!

महाराष्ट्र राजनीति: शिवसेना UBT के 20 में से 14 विधायक एकनाथ शिंदे के संपर्क में। उद्धव ठाकरे ने बुलाई इमरजेंसी बैठक। आदित्य ठाकरे ने सरकार पर कसा तंज।


Operation Tiger: महाराष्ट्र की राजनीति में 'ऑपरेशन टाइगर' (Operation Tiger) अब उद्धव ठाकरे की 'शिवसेना (UBT)' को पूरी तरह मलबे में तब्दील करने की ओर बढ़ता दिख रहा है। 6 लोकसभा सांसदों के पाला बदलने की खबरों के बीच अब खबर आ रही है कि उद्धव ठाकरे के 20 में से 14 विधायक भी मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के संपर्क में हैं और वे किसी भी वक्त बड़ा फैसला ले सकते हैं। इस सनसनीखेज खबर के बाद उद्धव गुट में हड़कंप मच गया है। आनन-फानन में उद्धव ठाकरे ने आज दोपहर 2:30 बजे पार्टी कार्यालय 'शिवालय' में विधायकों की इमरजेंसी बैठक बुलाई है।


नंबर गेम: विधायकों की बगावत से बचेगा सिर्फ 6 का आंकड़ा
महाराष्ट्र विधानसभा में शिवसेना (UBT) के पास फिलहाल 20 विधायक बचे हैं। सूत्रों के हवाले से जो गणित सामने आ रहा है, वह उद्धव ठाकरे के राजनीतिक वजूद के लिए सबसे बड़ा संकट है:

14 विधायक तैयार: सूत्रों के मुताबिक, 20 में से 14 विधायक या तो एक अलग गुट बनाने या सीधे एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल होने की पूरी तैयारी कर चुके हैं।

ठाकरे के पास बचेंगे सिर्फ 6
: अगर यह बगावत हकीकत में बदलती है, तो उद्धव ठाकरे के पास विधानसभा में महज 6 विधायक रह जाएंगे। दलबदल कानून (Anti-Defection Law) के तहत दो-तिहाई का आंकड़ा होने के कारण इन 14 विधायकों की सदस्यता पर भी कोई आंच नहीं आएगी।

बैठकों का दौर: इस खतरे को भांपते हुए ठाकरे गुट के शीर्ष नेताओं ने आज दोपहर 12 बजे भी इस सेंधमारी को रोकने के लिए गुप्त चर्चा की थी, जिसके बाद अब 2:30 बजे शिवालय में निर्णायक बैठक बुलाई गई है।

दीपक केसरकर का दावा: 'मोदी सरकार और महायुति को मिलेगी मजबूती'
सांसदों के बाद अब विधायकों में भी इस बड़ी सेंधमारी की खबरों के बीच शिंदे गुट के वरिष्ठ नेता और मंत्री दीपक केसरकर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने सांसदों और विधायकों के आने की संभावनाओं का स्वागत करते हुए कहा:

"उद्धव गुट के कई सांसदों और विधायकों के हमारे साथ आने से महाराष्ट्र में महायुति और केंद्र में एनडीए (NDA) की सरकार को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी। आज देश का हर नेता यही चाहता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मजबूत हो। इन सभी साथियों के आने से देश और राज्य की तरक्की को रफ्तार मिलेगी।"

आदित्य ठाकरे का पलटवार: 'देश संभल नहीं रहा, बस तोड़फोड़ चल रही है'
'ऑपरेशन टाइगर' के जरिए पार्टी को दोहरे संकट में घिरता देख पूर्व मंत्री और उद्धव के बेटे आदित्य ठाकरे ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने शिंदे सरकार और बीजेपी की राजनीति पर तंज कसते हुए कहा:

"आप लोगों को सरकार चलानी नहीं आती। जरा शासन और जनता की दिक्कतों पर ध्यान दीजिए। देश में विदेश नीति की क्या हालत है, पानी का क्या संकट है, आंतरिक सुरक्षा और बेकाबू महंगाई की क्या स्थिति है, इस पर कोई बात नहीं करता। इस सरकार को किसान और महिलाओं की आवाज सुनाई नहीं देती, इनका ध्यान सिर्फ और सिर्फ तोड़फोड़ की राजनीति पर ही लगा रहता है।"

एक तरफ जहां दिल्ली में उद्धव गुट के 6 बागी सांसद आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कोई बड़ा एलान करने वाले हैं, वहीं दूसरी तरफ मुंबई में 14 विधायकों की इस संभावित बगावत ने महाराष्ट्र की राजनीति में जून 2022 जैसे महा-भूचाल की स्क्रिप्ट दोबारा लिख दी है।


Read More
Next Story