
बंगाल में शुभेंदु अधिकारी ने मंत्रियों को बांटे विभाग, देखें पूरी लिस्ट
पश्चिम बंगाल में BJP सरकार बनने के बाद CM शुभेंदु अधिकारी ने पहली कैबिनेट बैठक में बड़े फैसले लिए और मंत्रियों के विभागों का बंटवारा किया।
पश्चिम बंगाल में पहली बार बीजेपी की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के कुछ ही दिनों बाद उन्होंने सोमवार को अपनी पहली कैबिनेट बैठक की, जिसमें कई अहम फैसलों पर मुहर लगी। इसी बैठक में मंत्रियों के विभागों का भी बंटवारा कर दिया गया।
9 मई को हुए भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। अब सरकार गठन के बाद उन्होंने प्रशासनिक कामकाज को तेजी से आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है।
मंत्रियों को मिले अहम विभाग
शुभेंदु अधिकारी सरकार में फिलहाल कुल छह मंत्रियों ने शपथ ली है। इनमें बीजेपी के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष को ग्रामीण विकास और पशु संसाधन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरकार में विभागों का बंटवारा इस प्रकार किया गया है:
दिलीप घोष — ग्रामीण विकास और पशु संसाधन
अशोक कीर्तनिया — खाद्य विभाग
खुदीराम टुडू — पिछड़ा वर्ग और आदिवासी कल्याण
अग्निमित्रा पॉल — महिला एवं बाल विकास
निसिथ प्रमाणिक — उत्तर बंगाल विकास, खेल और युवा कल्याण
अग्निमित्रा पॉल फिलहाल मंत्रिमंडल की इकलौती महिला मंत्री हैं। वहीं निसिथ प्रमाणिक इससे पहले केंद्र सरकार में राज्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
अभी और बढ़ेगा मंत्रिमंडल
राज्य में कुल 44 सदस्यीय मंत्रिमंडल बनाया जा सकता है। फिलहाल मुख्यमंत्री सहित केवल छह मंत्री ही शपथ ले चुके हैं, यानी आने वाले दिनों में 38 और विधायकों को मंत्री बनाया जा सकता है। पिछली ममता बनर्जी सरकार में कुल 43 मंत्री थे, जिनमें 24 कैबिनेट मंत्री और 19 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) शामिल थे। इस बार विधानसभा चुनाव में ममता सरकार के 22 मंत्री चुनाव हार गए थे, जिससे टीएमसी को बड़ा नुकसान हुआ।
पहली कैबिनेट में बड़े फैसले
पहली ही कैबिनेट बैठक में शुभेंदु अधिकारी ने कई बड़े फैसलों का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए बीएसएफ को 45 दिनों के भीतर जमीन उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा राज्य में केंद्र सरकार की लंबित योजनाओं को लागू करने का भी फैसला लिया गया। इनमें आयुष्मान भारत और उज्ज्वला योजना जैसी प्रमुख योजनाएं शामिल हैं।बीजेपी लंबे समय से आरोप लगाती रही थी कि पिछली टीएमसी सरकार ने राजनीतिक कारणों से कई केंद्रीय योजनाओं को राज्य में पूरी तरह लागू नहीं होने दिया।
बंगाल में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत
विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए 293 में से 207 सीटों पर कब्जा जमाया। वहीं ममता बनर्जी की टीएमसी 80 सीटों तक सिमट गई।चुनाव नतीजों के बाद ममता बनर्जी ने वरिष्ठ नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाया है।

