मध्य प्रदेश के बाद तमिलनाडु को मिले सीएम मामा, ऐसे दिल में उतरे विजय
x
शपथ ग्रहण समारोह के बाद सीएम विजय।

मध्य प्रदेश के बाद तमिलनाडु को मिले 'सीएम मामा', ऐसे दिल में उतरे विजय

अब तक पूरे देश में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह चौहान को ही सीएम मामा के रूप में जाना जाता था। लेकिन विजय के शपथ ग्रहण समारोह के बाद तमिलनाडु को..


Click the Play button to hear this message in audio format

तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री विजय ने पद संभालने के बाद अपने पहले संबोधन में भावुक और आक्रामक दोनों अंदाज दिखाए। उन्होंने खुद को “एक आम आदमी” बताते हुए कहा कि गरीबी और संघर्ष ने उन्हें यहां तक पहुंचाया है। विजय ने पारदर्शी शासन, भ्रष्टाचार पर सख्ती, महिलाओं की सुरक्षा और ड्रग्स के खिलाफ कड़ा अभियान चलाने का वादा किया। साथ ही शपथ के बाद विजय ने राज्य के बच्चों से एक नया रिश्ता जोड़ लिया। उन्होंने स्वयं 'विजय मामा' कहकर संबोधित किया। आपको याद दिला दें कि अब तक पूरे देश में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह चौहान को ही सीएम मामा के रूप में जाना जाता था। लेकिन विजय के शपथ ग्रहण समारोह के बाद तमिलनाडु के बच्चों को भी 'सीएम मामा' मिल गए हैं...

चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान विजय ने मंच से ही कई अहम कल्याणकारी फाइलों पर हस्ताक्षर किए। इनमें 200 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘सिंगा पेन्ने’ योजना और ड्रग्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति से जुड़े फैसले शामिल थे। ये सभी उनकी चुनावी घोषणाओं का हिस्सा रहे हैं।


संघर्ष और जनता के भरोसे का जिक्र

अपने संबोधन में विजय ने कहा कि उनकी राजनीतिक यात्रा संघर्ष और जनता के विश्वास की बदौलत संभव हुई है। उन्होंने कहा, “मैं आप सभी की तरह एक साधारण इंसान हूं। मैं कभी झूठे वादे नहीं करूंगा। केवल वही कहूंगा जिसे पूरा कर सकूं।”

बचपन को याद करते हुए विजय ने बताया कि उनके पिता एक संघर्षरत सहायक निर्देशक थे और उनके परिवार ने गरीबी को बेहद करीब से देखा है। उन्होंने कहा कि जनता के समर्थन ने ही उन्हें राजनीति में आने का साहस दिया। विजय ने विश्वास जताया कि उनकी सरकार हर चुनौती का सामना करने में सक्षम होगी।

‘खाली खजाना और भारी कर्ज मिला’

हालांकि विजय ने यह भी कहा कि उनकी सरकार बेहद कठिन आर्थिक स्थिति विरासत में लेकर काम शुरू कर रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य पर 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है और सरकारी खजाना लगभग खाली हो चुका है।

उन्होंने कहा, “राज्य पर भारी कर्ज है। हमें बहुत बड़ा बोझ सौंपा गया है। हम ऐसे समय में सरकार संभाल रहे हैं।”

जनता से मांगा धैर्य

विजय ने जनता से कुछ समय और धैर्य की अपील करते हुए कहा कि जल्द ही राज्य की आर्थिक स्थिति पर एक श्वेत पत्र जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा, “हमें हालात को समझना होगा। मैं पूरी पारदर्शिता के साथ राज्य की वित्तीय स्थिति जनता के सामने रखूंगा।”

उन्होंने आगे कहा, “चेहरा छिपाकर लोगों से मिलने की जरूरत नहीं है। हमें खुलकर काम करना चाहिए।”

ड्रग्स और महिलाओं की सुरक्षा पर फोकस

विजय ने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी। उन्होंने कहा, “आज से मैं नशे की संस्कृति के खिलाफ लड़ाई शुरू करूंगा और हमारे बच्चों को बचाऊंगा।”

उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सख्त संदेश दिया और कहा कि उनकी सरकार बिना किसी डर या पक्षपात के काम करेगी।

भ्रष्टाचार पर कड़ा रुख

अपने भाषण के सबसे तीखे हिस्से में विजय ने भ्रष्टाचार को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि वह जनता के पैसे का एक पैसा भी गलत तरीके से इस्तेमाल नहीं करेंगे।

विजय ने कहा, “यह विजय गलत काम नहीं करेगा। और अपने मंत्रियों व विधायकों को भी गलत काम नहीं करने देगा।”

उन्होंने अपने विधायकों को चेतावनी देते हुए कहा, “मेरे विधायक भ्रष्टाचार करने की हिम्मत नहीं करेंगे। यहां सिर्फ एक ही शक्ति केंद्र होगा।”

अल्पसंख्यकों को दिया भरोसा

विजय ने अपने भाषण में अल्पसंख्यक समुदायों को भी भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार सभी लोगों के साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा, “अल्पसंख्यक समुदायों को डरने की जरूरत नहीं है। मेरी सरकार हर वर्ग के साथ है।”

उन्होंने बच्चों और युवाओं का भी धन्यवाद किया और भावुक अंदाज में कहा, “विजय मामा आप सभी के बेहतर भविष्य के लिए काम करने का वादा करता है।”

विजय ने अपने संबोधन के अंत में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, एम ए बेबी, थोल थिरुमावलवन और डी राजा समेत सहयोगी दलों के नेताओं का आभार जताया।

उन्होंने इसे “नई शुरुआत” और “नए दौर” की शुरुआत बताते हुए समर्थकों से “वास्तविक, धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय आधारित शासन” बनाने में सहयोग की अपील की।

अपने भाषण के अंत में मुख्यमंत्री विजय ने मंच से समर्थकों के साथ सेल्फी लेकर समारोह को यादगार बना दिया।

Read More
Next Story