दिल्ली में डबल क्राइम से दहशत, गोलीबारी के बाद 17 वर्षीय किशोर की हत्या
x

दिल्ली में डबल क्राइम से दहशत, गोलीबारी के बाद 17 वर्षीय किशोर की हत्या

दिल्ली के न्यू उस्मानपुर में 17 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इससे पहले इलाके में गोलीबारी में 12 साल का बच्चा घायल हुआ था।


उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में सोमवार रात एक 17 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 10:30 बजे न्यू उस्मानपुर थाने को एक किशोर पर चाकू से हमले की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां 17 वर्षीय लड़का गंभीर हालत में जमीन पर पड़ा मिला। जांच के दौरान पता चला कि उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का केस दर्ज किया जा रहा है।उत्तर-पूर्वी जिले के डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि पुलिस को मामले में कुछ अहम सुराग मिले हैं और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। मामले की जांच जारी है।

कुछ घंटे पहले हुई थी गोलीबारी, 12 वर्षीय बच्चा घायल

इसी दिन शाम को न्यू उस्मानपुर इलाके में गोलीबारी की एक अन्य घटना भी सामने आई थी, जिसमें एक 12 वर्षीय राहगीर बच्चा घायल हो गया था।पुलिस के मुताबिक, शाम के समय न्यू उस्मानपुर थाने को चौथा पुश्ता इलाके में गोलीबारी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि तीन बदमाशों ने धर्मेंद्र (43) नामक व्यक्ति के घर के बाहर अंधाधुंध फायरिंग की थी।

गोलीबारी के दौरान वहां से गुजर रहे 12 वर्षीय लड़के के पैर में गोली लग गई। घायल बच्चे को तत्काल जग प्रवेश चंद्र (जेपीसी) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

दो आरोपी गिरफ्तार, एक अब भी फरार

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों की जानकारी विभिन्न पुलिस टीमों और नाकों पर साझा की गई। इसके बाद दो आरोपियों, प्रांकुर (29) और हर्ष (22), को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा भी बरामद किया गया है। हालांकि, मामले का एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।फॉरेंसिक टीम ने गोलीबारी स्थल से भी महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

गाजियाबाद में भी हुई थी नाबालिग की हत्या

दिल्ली से सटे गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र स्थित नवनीत विहार में 28 मई को बकरीद के दिन 11वीं कक्षा के छात्र 17 वर्षीय सूर्या चौहान की भी चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी।इस मामले में गाजियाबाद पुलिस ने मुख्य आरोपी असद को हाल ही में एक मुठभेड़ में मार गिराया था। वहीं, कई अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में लगातार सामने आ रही हिंसक घटनाओं ने कानून-व्यवस्था और किशोर अपराध को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Read More
Next Story