अभिषेक या वफादार नेता, ममता बनर्जी को कल्याण बनर्जी का अल्टीमेटम
x

'अभिषेक या वफादार नेता', ममता बनर्जी को कल्याण बनर्जी का अल्टीमेटम

टीएमसी में अंदरूनी कलह बढ़ती ही जा रही है। वरिष्ठ नेता कल्याण बनर्जी ने अभिषेक बनर्जी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए ममता बनर्जी के सामने बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है।


पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का संकट लगातार गहराता दिखाई दे रहा है। एक तरफ पार्टी के भीतर बगावत की खबरें सामने आ रही हैं, तो दूसरी ओर अब वरिष्ठ नेता कल्याण बनर्जी ने भी खुलकर अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व और कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है।

बताया जा रहा है कि टीएमसी के भीतर असंतोष का दायरा लगातार बढ़ रहा है। पहले से ही कई विधायकों और सांसदों की नाराजगी की चर्चाएं चल रही थीं, वहीं अब पार्टी के वरिष्ठ और लंबे समय से ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले कल्याण बनर्जी के बयान ने राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है।

कल्याण बनर्जी ने साफ शब्दों में कहा है कि ममता बनर्जी को अब फैसला करना होगा कि वह पार्टी के पुराने और वफादार नेताओं के साथ खड़ी होंगी या फिर अभिषेक बनर्जी के साथ। उन्होंने आरोप लगाया कि अभिषेक बनर्जी वरिष्ठ नेताओं का सम्मान नहीं करते और उनकी कार्यशैली के कारण पार्टी को नुकसान पहुंचा है।

कल्याण बनर्जी ने फर्जी हस्ताक्षर मामले में अभिषेक बनर्जी की कानूनी लड़ाई से खुद को अलग करने का भी ऐलान किया। उन्होंने दावा किया कि मामले की तैयारी के दौरान आधी रात को उन्हें बताया गया कि वकील बदल दिया गया है। उनके अनुसार यह उनके लिए बेहद अपमानजनक था और इससे यह स्पष्ट होता है कि उन पर भरोसा नहीं किया गया।

वरिष्ठ टीएमसी नेता ने अभिषेक बनर्जी को "घमंडी" बताते हुए कहा कि उन्होंने कभी उन पर विश्वास नहीं किया और आगे भी नहीं करेंगे। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी निष्ठा अब भी ममता बनर्जी के साथ है।

Read More
Next Story