तमिलनाडु में नई सरकार, विजय बने मुख्यमंत्री, इन 9 मंत्रियों ने ली शपथ
x
शपथ ग्रहण करते विजय।

तमिलनाडु में नई सरकार, विजय बने मुख्यमंत्री, इन 9 मंत्रियों ने ली शपथ

तमिलनाडु में हो गया नई सरकार का आगाज। थलपति विजय ने मुख्यमंत्री पद की ली शपथ और साथ में 9 मंत्रियों ने भी संभाली जिम्मेदारी...


Click the Play button to hear this message in audio format

तमिलनाडु की राजनीति में आज एक नए अध्याय की शुरुआत हो गई। अभिनेता से नेता बने थलपति विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। इसके साथ ही राज्य की सत्ता अब आधिकारिक रूप से उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के हाथों में आ गई है।

वीसीके (VCK) और आईयूएमएल (IUML) के समर्थन के बाद बहुमत का आंकड़ा हासिल करने वाली टीवीके ने आज सरकार गठन की प्रक्रिया पूरी कर ली। थलपति विजय ने रविवार सुबह 10 बजे चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ टीवीके के 9 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ग्रहण की।

विजय के शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी शामिल हुए। वहीं प्रोटोकॉल के तहत तमिलनाडु के निवर्तमान मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को भी समारोह के लिए निमंत्रण भेजा गया था।

शपथ ग्रहण समारोह चेन्नई स्थित नेहरू स्टेडियम में सुबह 10 बजे आयोजित किया गया। हालांकि पहले यह कार्यक्रम दोपहर 3 बजकर 45 मिनट पर होना तय था, लेकिन बाद में विजय के ज्योतिषी की सलाह पर शपथ ग्रहण का समय बदलकर सुबह 10 बजे कर दिया गया।

विजय ने 9 मई को लोक भवन पहुंचकर तमिलनाडु के राज्यपाल से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने टीवीके विधायक दल के नेता के रूप में अपने चयन की जानकारी देते हुए समर्थन पत्र सौंपा था। इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें मुख्यमंत्री नियुक्त करते हुए सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। राज्यपाल ने विजय को 13 मई 2026 या उससे पहले विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने का निर्देश भी दिया है।

29 वर्षीय एस कीर्तना ने भी मंत्री पद की शपथ ली। वह टीवीके सरकार की सबसे युवा मंत्री बनी हैं। कीर्तना ने तमिलनाडु की शिवकाशी सीट से चुनाव जीता है।

कराईकुडी सीट से विधायक डॉ. टीके प्रभु ने भी मंत्री पद की शपथ ली। पेशे से डेंटिस्ट प्रभु पहली बार विधायक चुने गए हैं।

तमिल अभिनेता और निर्देशक राजमोहन भी विजय मंत्रिमंडल का हिस्सा बन गए हैं। उन्होंने मंत्री पद की शपथ ली। राजमोहन टीवीके के प्रचार सचिव हैं और एग्मोर सीट से विधायक चुने गए हैं।

आर. निर्मलकुमार ने भी मंत्री पद की शपथ ली। वह पहले तमिलनाडु भाजपा के सोशल मीडिया प्रमुख रह चुके हैं। थिरुपरंकुंद्रम सीट से विधायक बने निर्मलकुमार इससे पहले एआईएडीएमके से भी जुड़े रहे हैं।

मायलापुर सीट से नवनिर्वाचित विधायक पी. वेंकेटरामनन ने भी मंत्री पद की शपथ ली। वह लंबे समय से विजय के करीबी माने जाते हैं और वर्ष 2000 में विजय के मैनेजर के रूप में भी काम कर चुके हैं।

गोबीचेट्टिपालयम सीट से विधायक केए सेंगोट्टैयन ने भी मंत्री पद संभाला। वह नौवीं बार विधायक बने हैं और टीवीके में शामिल होने से पहले लंबे समय तक एआईएडीएमके से जुड़े रहे।

टीवीके के महासचिव केजी अरुण राज ने भी मंत्री पद की शपथ ली। तिरुचेंगोडे सीट से विधायक चुने गए अरुण राज पूर्व आईआरएस अधिकारी हैं।

टीवीके के प्रमुख रणनीतिकार और नेता आधव अर्जुन ने भी मंत्री पद की शपथ ली। वह विल्लिवक्कम सीट से विधायक हैं और पहले वीसीके के महासचिव रह चुके हैं।

इसके अलावा थिरू एन आनंद ने भी मंत्री पद की शपथ ली। वह त्यागराज नगर सीट से विधायक हैं। आनंद टीवीके के महासचिव और पार्टी प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।

Read More
Next Story